ETV Bharat / state

सड़कों पर बदले-बदले दिखाई देंगे परिवहन विभाग के कर्मी, वर्दी बदलने की तैयारी पूरी

परिवहन विभाग ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्दी (यूनिफॉर्म) में बदलाव करने का मन बना लिया है.

Etv Bharat
परिवहन विभाग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 7, 2026 at 8:12 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड की सड़कों पर परिवहन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी बदले हुए रूप में दिखाई देंगे. परिवहन विभाग कर्मचारियों की वर्दी में बदलाव करने पर विचार कर रहा है, जिसके लिए फिलहाल खाका तैयार करने के बाद आपत्तियां मांगी गई है. उम्मीद है कि जल्द कर्मचारी नए रंग रूप में दिखाई देंगे.

उत्तराखंड की सड़कों पर जल्द ही परिवहन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी बदले-बदले नजर आएंगे. दरअसल, परिवहन विभाग ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्दी (यूनिफॉर्म) में बदलाव करने का मन बना लिया है. इसके लिए शासन स्तर पर खाका तैयार कर लिया गया है और फिलहाल इस प्रस्ताव पर आपत्तियां मांगी गई हैं. औपचारिक प्रक्रिया पूरी होते ही परिवहन विभाग के कर्मी नए रंग-रूप में सड़कों पर दिखाई देंगे.

यूनिफॉर्म का पैटर्न काफी हद तक बदल जाएगा: परिवहन विभाग के मौजूदा होमवर्क पर यदि अंतिम मुहर लगती है, तो विभाग की यूनिफॉर्म का पैटर्न काफी हद तक बदल जाएगा. शासन स्तर पर इसके लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्रस्ताव को अंतिम रूप देने से पहले कर्मचारियों और संबंधित पक्षों से आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं, ताकि किसी भी तरह की असहमति या सुझावों पर विचार किया जा सके.

उम्मीद है कि आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होते ही नई वर्दी को लागू कर दिया जाएगा. शासन को भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार एआरटीओ (ARTO) से लेकर निचले स्तर तक के कर्मचारियों की वर्दी में बदलाव किया जाएगा. नए प्रस्ताव में एआरटीओ को वर्दी में अशोक स्तंभ के साथ एक सितारा लगाने का अधिकार देने की बात कही गई है. इससे अधिकारियों की पहचान और पद का स्पष्ट संकेत मिलेगा.

उप निरीक्षक की वर्दी: परिवहन उप निरीक्षक की वर्दी में भी अहम बदलाव प्रस्तावित हैं. उप निरीक्षक को वर्दी पर दो सितारे लगाने, भूरे रंग के जूते पहनने, बांह पर विभाग का मोनोग्राम लगाने और नीले रंग की टोपी पहनने के लिए अधिकृत किया जाएगा.

सहायक निरीक्षक की वर्दी: इसी तरह परिवहन सहायक निरीक्षक की वर्दी में भी बदलाव किया जाएगा. उन्हें कंधे पर एक सितारा लगाने, बांह पर मोनोग्राम, भूरे-जूते और नीली टोपी पहनने का अधिकार मिलेगा.

ग्रेड पे के आधार पर भी वर्दी में अलग-अलग पहचान तय की गई:

  • 2400 ग्रेड पे पाने वाले कर्मचारियों को बांह पर सफेद पट्टी, काले जूते और काली बेल्ट पहनने की अनुमति होगी.
  • वहीं 2800 ग्रेड पे वाले कर्मियों को बांह पर तीन सफेद वी-शेप पट्टियां, काले जूते और काली बेल्ट पहननी होगी.
  • 4200 ग्रेड पे वाले कर्मचारियों को कंधे पर एक सितारा, भूरे जूते और सिल्वर बेल्ट पहनने का अधिकार देने की तैयारी है.
  • इसके ऊपर 4600 ग्रेड पे वाले चालकों को कंधों पर दो सितारे, भूरे जूते और सिल्वर बेल्ट पहनने के लिए अधिकृत किया जाएगा.

विभाग में कार्यरत चालकों की वर्दी में बदलाव प्रस्तावित: चालकों को कंधे पर एक सितारा लगाने और भूरे जूते पहनने का अधिकार दिया जाएगा, हालांकि ग्रेड पे के अनुसार उनके लिए अलग-अलग प्रावधान तय किए गए हैं. नई वर्दी से परिवहन विभाग के कर्मियों की पहचान अधिक स्पष्ट होगी और विभाग की पेशेवर छवि को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.

पढ़ें---