27 फरवरी से उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट, जानें आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने 27 और 28 फरवरी को राज्य के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 25, 2026 at 10:10 AM IST
देहरादून: उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने मौसम को लेकर जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके अनुसार आज और कल यानी बुधवार और गुरुवार को मौसम शुष्क रहेगा. राज्य के 13 जिलों में कहीं भी बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान नहीं है. वहीं शुक्रवार से मौसम करवट बदलेगा.
उत्तराखंड में मौसम को लेकर अपडेट: मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार 27 फरवरी को उत्तराखंड के तीन पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी होगी. जिन जिलों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया गया है, उनमें दो जिले गढ़वाल मंडल और एक जिला कुमाऊं मंडल में स्थित है.
दिनांक 24.02.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी pic.twitter.com/aNaLwDcgHW
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) February 24, 2026
इन जिलों में होगी बारिश और बर्फबारी: गढ़वाल मंडल में सीमांत उत्तरकाशी और चमोली जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी. इन जिलों में 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होगी. वहीं कुमाऊं मंडल के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में भी इन दिन बारिश और बर्फबारी होगी. शेष 10 जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जारी किया गया है.
महीने का समापन बारिश बर्फबारी से होगा: इसी तरह फरवरी महीने का समापन भी मौसम के बदले मिजाज के साथ होगा. शनिवार यानी 28 फरवरी को उत्तराखंड के तीन जिलों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी. 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होगी. राज्य के बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा.
3-4 दिन में बढ़ेगा तापमान: मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार मार्च महीने की शुरुआत समान्य रहेगी. 1 और 2 मार्च को उत्तराखंड के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. यानी बारिश और बर्फबारी का कोई पूर्वानुमान अभी तक नहीं है. मौसम विभाग ने ये भी कहा है कि अगले 2 से 3 दिन तक उत्तराखंड के अनेक स्थानों पर न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा. हालांकि बाद में तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना है. 3 से 4 दिन के अंदर अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी के संकेत, मैदानी इलाकों में छाए बादल

