अंकिता भंडारी केस पर बीजेपी महिला नेताओं की 'चुप्पी', कांग्रेसियों ने ऋतु खंडूड़ी के आवास किया कूच
अंकिता भंडारी मर्डर केस को लेकर कांग्रेस हमलावर, देहरादून में ऋतु खंडूड़ी के आवास घेराव करने निकली महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताएं, हरदा ने दिया धरना

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : December 29, 2025 at 5:33 PM IST
|Updated : December 29, 2025 at 5:40 PM IST
देहरादून/हरिद्वार: उत्तराखंड के सर्द मौसम में अंकिता भंडारी प्रकरण से मामला गरमाया हुआ है. कांग्रेस मामले को लेकर लगातार सरकार पर हमलावर है. इसी कड़ी में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने अंकिता मामले पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की चुप्पी साधे जाने के विरोध में प्रदर्शन किया. साथ ही यमुना कॉलोनी स्थित ऋतु खंडूड़ी के सरकारी आवास घेराव करने निकली, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया. इससे नाराज कांग्रेस की महिलाएं सड़क पर धरने में बैठ गईं और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. उधर, पूर्व सीएम हरीश रावत ने हरिद्वार में डीएम कैंप ऑफिस पर धरना दिया.
बीजेपी पर बरसीं ज्योति रौतेला: उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि बीजेपी सरकार हमेशा यह कहा करती है कि उत्तराखंड में मातृशक्ति के कारण बीजेपी सत्ता में आई है, लेकिन आज इसी प्रदेश की एक बेटी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए महिलाओं को सड़कों पर उतरकर संघर्ष करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी ने इस प्रकरण के कई खुलासे किए हैं, जिसके बाद अंकिता भंडारी केस में नया मोड़ आ गया है.
अंकिता प्रकरण में बीजेपी नेत्रियों की चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण: पूर्व विधायक की कथित पत्नी ने जिस तरह बीजेपी के शीर्ष नेता का नाम उजागर किया है, उससे इस हत्याकांड में एक नहीं सैकड़ों सवाल खड़े हो गए हैं. जिनके जवाब बीजेपी नहीं दे पा रही है. अब जबकि यह मामला पूरे प्रदेश में फैल चुका है और यहां का प्रत्येक नागरिक अंकिता को न्याय दिलाने की मांग कर रहा है, उसके बावजूद बीजेपी की नेत्रियों की ओर से इस गंभीर विषय पर चुप्पी साधे रखना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

मंत्री रेखा आर्य और विधायक रेणु बिष्ट के आवास घेराव की चेतावनी: ज्योति रौतेला ने कहा कि आज कांग्रेस की महिलाओं को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी के आवास के बाहर प्रदर्शन करना पड़ा है, लेकिन आने वाले समय में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और यमकेश्वर विधायक रेणु बिष्ट के आवास का भी घेराव किया जाएगा. उन्होंने मांग उठाई कि इस पूरे मामले की सरकार सीबीआई जांच कराए. अगर ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस की महिलाओं को सभी मंत्रियों और विधायकों के आवासों के बाहर प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को सदन से सड़क तक पूरी मजबूती के साथ लड़ने जा रही है.
भाजपा बेशर्मों की सरकार है क्योंकि उन्होंने प्रदेश की बेटियों के साथ हो रहे अत्याचार पर आँखें बंद कर ली हैं।
— Jyoti Rautela (@JyotiRautela11) December 29, 2025
आज महिला कांग्रेस की बहनों ने विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी के आवास का घेराव किया।
जब तक अंकिता भंडारी केस में सीबीआई जांच की माँग को नहीं माना जाता है तब तक हम आने वाले… pic.twitter.com/qks1C1VQXW
हरिद्वार में धरने पर बैठे हरीश रावत: अंकिता भंडारी हत्याकांड वीवीआईपी प्रकरण को लेकर हरिद्वार में कांग्रेस ने बड़ा धरना प्रदर्शन किया. देवपुरा स्थित डीएम कैंप ऑफिस पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की अगुवाई में धरना दिया गया. इस दौरान विधायक अनुपमा रावत, विधायक रवि बहादुर, वीरेंद्र रावत समेत तमाम कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया पर अंकिता भंडारी हत्याकांड और वीवीआईपी प्रकरण को लेकर मचे हंगामे की सीबीआई जांच हाईकोर्ट में जज की निगरानी में करने की मांग की. धरना दे रहे कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए.

"अंकिता भंडारी केस में आज कथित वीआईपी नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं. जो नाम सामने आ रहे हैं, वो सब बीजेपी से जुड़े हुए लोग हैं. यदि जन आक्रोश से बीजेपी और सरकार अपने को बचाना चाहती है तो अंकिता भंडारी केस की हाईकोर्ट की निगरानी में जांच करानी चाहिए. जब तक उनकी मांग पूरी नहीं की जाती और अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस चुप नहीं बैठेंगी. मंडल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक बड़ी रैलियां की जाएंगी."- हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री
गौर हो कि अंकिता भंडारी केस को लेकर वायरल हुए ऑडियो और वीडियो के बाद बीजेपी लगातार कांग्रेस के निशाने पर है. एकजुट होकर कांग्रेस के नेता बीजेपी और सरकार को घेरने में जुट हुए है. पार्टी के बड़े नेता भी एकजुट हैं। चाहे वो प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल हो, या फिर पूर्व सीएम हरीश रावत सभी इस मामले में बीजेपी के खिलाफ बयानबाजी से पीछे नहीं हट रहे हैं. आज हरिद्वार डीएम कैंप कार्यालय पर भी कांग्रेस के सभी नेता एकजुट दिखाई दिए. पार्टी पदाधिकारियों से लेकर विधायक भी धरने में शामिल हुए.
ये भी पढ़ें-
- महेंद्र भट्ट पर बरसे गणेश गोदियाल, कहा- खुद अपने नेताओं की जाति बताकर कर रहे अपमान
- अंकिता भंडारी हत्याकांड: कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च, उठाई कार्रवाई की मांग
- अंकिता भंडारी केस पर युवा कांग्रेस का बीजेपी महानगर कार्यालय कूच, पुलिस ने रोका तो जमकर हुई नोकझोंक
- अंकिता भंडारी केस में उठ रहे सवालों पर बीजेपी का पक्ष, विधायक खजान दास ने कही बड़ी बात, कांग्रेस पर आरोप

