ETV Bharat / state

क्वानु HRTC बस हादसा: जिंदगी की जंग हारा ड्राइवर दिनेश, PGI में तोड़ा दम, हादसे में मृतकों की संख्या हुई 4

उत्तराखंड के क्वानु में HRTC बस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है. बस गहरी खाई में गिरी थी.

Uttarakhand HRTC bus accident driver dies
HRTC बस हादसे में ड्राइवर की मौत (@Mukesh Agnihotri FB Page)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 8, 2026 at 12:46 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरमौर: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के बस ड्राइवर दिनेश कुमार शर्मा का शनिवार देर रात पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया. वह बीते पांच दिनों से उपचाराधीन थे. बीती रात करीब 2 बजे ड्राइवर दिनेश ने पीजीआई चंडीगढ़ में अंतिम सांस ली. एचआरटीसी बस हादसे में ड्राइवर की मौत के बाद अब मृतकों की संख्या 4 पहुंच गई है. इससे पहले हादसे में दो महिलाओं सहित तीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी.

देर रात तबीयत बिगड़ने से हुआ निधन

गौरतलब है कि 3 फरवरी को चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी बस उत्तराखंड के क्वानु के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी. बस में ड्राइवर समेत कुल 34 यात्री सवार थे. हादसे में ड्राइवर दिनेश कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनके सीने में गहरी चोटें आई थीं. हादसे के बाद पहले उन्हें विकासनगर अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया. इलाज के दौरान शनिवार तक उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा था, लेकिन शनिवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया.

हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के चालक-परिचालक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नवीन ठाकुर ने बताया, "दिवंगत एचआरटीसी बस ड्राइवर दिनेश कुमार शर्मा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेरवा में किया जाएगा. निगम ने एक अनुभवी और कर्तव्यनिष्ठ चालक को खो दिया है."

डिप्टी सीएम ने जताया शोक

वहीं, हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी बस ड्राइवर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा "हिमाचल पथ परिवहन निगम की क्वानु बस दुर्घटना में उपचाराधीन चालक दिनेश कुमार के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. चौपाल से पांवटा साहिब जा रही बस के पास लेते समय उत्तराखंड के क्वानु में डंगा बैठने से वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया था. इस हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक दिनेश कुमार का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा था, जहां देर रात वे जीवन की जंग हार गए."

ये भी पढ़ें: हादसे के मलबे में इंसानियत की परीक्षा: HRTC बस दुर्घटना के बाद ₹3 लाख के बैग को लेकर खींचातानी, तो कई बने देवदूत

ये भी पढ़ें: हरिपुरधार बस हादसे में 14 लोगों की मौत की वजह आई सामने, जांच रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे