ETV Bharat / state

उत्तराखंड चुनाव 2027: कांग्रेस में सर्वे से होगा कैंडिडेट का चयन, मेहनत और जीत होगी क्वालिफिकेशन

उत्तराखंड चुनाव 2027 की जंग में उतरने से पहले कांग्रेस अपने नेताओं की कुंडली खंगालेगी, तभी कहीं जाकर टिकट फाइनल करेगी.

Etv Bharat
कांग्रेस में सर्वे से होगा कैंडिडेट का चयन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 27, 2026 at 8:58 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड में अगले साल 2027 के शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने है. चुनाव से पहले सभी राजनीति दलों ने अपनी कमर कस ली है. वहीं बीजेपी और कांग्रेस से चुनाव लड़ने का मन बना रहे नेताओं ने भी अपनी भागदौड़ शुरू कर दी है, लेकिन कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वो मेहनती और जिताऊ उम्मीदवार पर भी 2027 के विधानसभा चुनाव में दाव लगाएगी. प्रत्याशियों का चयन करने के लिए कांग्रेस बकायदा सर्वे कराने तक भी बात कर रही है.

दरअसल, 2027 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियों के लिए कई मायनों में अहम है. एक तरफ जहां बीजेपी 2027 में हैट्रिक लगाकर तीसरा बार सत्ता पर काबिज होना चाहती है तो वहीं कांग्रेस इस बार किसी भी कीमत पर सत्ता से दूर नहीं रहना चाहती है. यहीं कारण है कि दोनों ही पार्टियों ने अभी से जमीन स्तर पर काम शुरू कर दिया है.

कांग्रेस में सर्वे से होगा कैंडिडेट का चयन (ETV Bharat)

कांग्रेस किन नेताओं को टिकट देने के बारे में सोच रही है, इस बारे में जब ईटीवी भारत ने उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत से बात की तो उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस मेहनती और जिताऊ उम्मीदवार पर ही फोक्स करेगी. ऐसे में पार्टी स्तर से सर्वे कराया जाएगा और फिर प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा.

ईटीवी भारत से बातचीत करते हुए कांग्रेस के प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी स्तर के साथ ही जमीनी स्तर पर भी तैयारियां की जा रही है, जिसके दृष्टिगत हाल ही में रैली का भी आयोजन किया गया था. ऐसे में पार्टी बूथ स्तर से लेकर विधानसभा स्तर और प्रदेश स्तर पर चुनाव की तैयारी करने में जुटी हुई है.

यही नहीं कांग्रेस से सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं. हर विधानसभा चुनाव में टिकट लेने के लिए नेताओं की भीड़ उमड़ जाती है, जिसके चलते कई बार ऐसा भी देखा गया है कि नेताओं को टिकट न मिलने पर न सिर्फ नाराज हो जाते हैं, बल्कि वो निर्दलीय भी चुनाव में खड़े हो जाते हैं.

ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशियों के चयन के सवाल पर हरक सिंह रावत ने कहा कि पार्टी को ऐसे कार्यकर्ता को टिकट देने पर विचार करेगी, जो मेहनती होने के साथ-साथ चुनाव जीतने की स्थिति में हो.

विधानसभा चुनाव से पहले प्रत्याशियों के चयन को लेकर सर्वे कराए जाने के सवाल पर हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रत्याशियों के चयन के लिए पार्टी स्तर से सर्वे भी कराया जाएगा. साथ ही कहा कि प्रदेश के हर एक विधानसभा सीट की उन्हें जानकारी है. यही नहीं उन्हें ये भी पता है कि हर एक सीट पर राजनीतिक दलों की क्या स्थिति है.

वहीं पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के मुंबई डांस पार्टी के आरोपों पर भी हरक सिंह रावत से सवाल किया गया, जिस पर हरक सिंह ने कहा कि चैंपियन की बातों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है. क्योंकि वह व्यक्ति खुद ही गंभीर नहीं है. ऐस में चैंपियन की बातों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए. बता दें कि चैंपियन के मुंबई डांस पार्टी के खुलासे के बाद उत्तराखंड की राजनीति में हंगामा मचा हुआ है. कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियों के नेताओं के लिए चैंपियन का मुंबई डांस पार्टी बयान गले की फांस बन हुआ है.

पढ़ें---