होल्यारों के साथ जमकर थिरके कांग्रेस के दिग्गज नेता, हरक सिंह ने जमाया रंग, देखिये वीडियो
कांग्रेस मुख्यालय में होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिसमें दिग्गज नेताओं ने जमकर डांस किया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 26, 2026 at 5:39 PM IST
देहरादून: कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया. होली मिलन समारोह में कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं ने एक दूसरे पर गुलाल लगाकर प्रेम,भाईचारे और एकजुटता का संदेश दिया. सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने होली मिलन समारोह का जमकर लुत्फ उठाया. इस दौरान हरक सिंह रावत, गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, करन माहरा थिरकते हुए नजर आये.
होली मिलन कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, चुनाव कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा पारंपरिक होल्यार गीतों पर जमकर थिरके. गढ़वाल से आये होल्यारों ने पारंपरिक गीत गाकर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय के प्रांगण को उत्सव स्थल में बदल दिया. इस मौके पर गणेश गोदियाल ने प्रदेश वासियों को रंगों के इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी.
गणेश गोदियाल ने कहा होली केवल रंगों का त्यौहार नहीं बल्कि आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का प्रतीक है. यह रंगों का त्योहार सबके जीवन में रंग बिरंगी खुशियां लाए, इस बार की होली में लोग प्रफुल्लित होकर एक दूसरे के प्रति भाईचारे का संदेश देकर इस पर्व को मनाएं. उन्होंने कामना की है कि यह होली सबके जीवन में खुशियां लेकर आए.
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, सौहार्द एवं एकता का संदेश दिया।
— Uttarakhand Congress (@INCUttarakhand) February 26, 2026
कार्यक्रम में प्रदेश… pic.twitter.com/AmDcvl2l9F
हरक सिंह रावत ने भी पूरे प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं. हरक सिंह रावत ने कहा यह पर्व रंगों का है. उसी तरह सबके जीवन में प्रेम समृद्धि और अपार खुशियां लेकर यह पर्व आए. करन माहरा ने कहा भारत में जिस तरह हालात है, उससे इस पर्व की महत्ता और बढ़ जाती है. आपसी भाईचारे को लेकर होली का त्योहार मनाया जाता रहा है, लेकिन कुछ लोगों ने देश में माहौल खराब कर दिया है. कांग्रेस की होली मनाने मे उनको अब तकलीफ होने लगी है. ऐसे लोगों की चिंता किए बिना सबको आगे बढ़ना है. सौहार्द का माहौल बनाना है.
पढ़ें- उत्तराखंड की खास पोशाक में नजर आए कांग्रेस के टॉप फाइव लीडर, होली मिलन में दिया 'एकजुटता' का संदेश

