सीएम धामी आज अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे, गोदियाल की है पीसी, उर्मिला सनावर SIT के सामने होंगी पेश
आज उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल अंकिता भंडारी मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 7, 2026 at 12:01 PM IST
|Updated : January 7, 2026 at 12:34 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले को लेकर राजनीतिक घमासान जारी है. बीते दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद प्रेस वार्ता के दौरान अंकिता भंडारी मामले पर सरकार के स्टैंड को क्लियर किया था. बावजूद इसके प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं. प्रदेश में मचे राजनीतिक घमासान की मुख्य सूत्रधार उर्मिला सनावर जहां एक ओर आज एसआईटी के सामने अपना पक्ष रखने जा रही हैं, तो वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अयोध्या स्थित राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने जा रहे हैं.
गणेश गोदियाल करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस: उत्तराखंड में मचे राजनीतिक घमासान के चलते प्रदेश भर की निगाहें अब इस ओर टिकी हुई हैं कि राज्य सरकार क्या कुछ निर्णय लेती है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंगलवार की प्रेस वार्ता के बाद आज कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल दोपहर 1:00 बजे प्रेस वार्ता को संबोधित करने जा रहे हैं. कांग्रेस शुरू से ही ये मांग कर रही है कि वीआईपी के नाम को सार्वजनिक किया जाए. साथ ही इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए. इसको लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस समेत अन्य सामाजिक संगठन लगातार पूरे प्रदेश भर में प्रदर्शन कर रहे हैं. सोमवार को कांग्रेस ने अंकिता भंडारी को न्याय दो पदयात्रा निकली थी.
सीएम धामी अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे: जहां एक ओर प्रदेश भर की निगाहें अंकिता भंडारी हत्याकांड के मामले पर टिकी हुई हैं, तो वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज एक दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के तय किए गए कार्यक्रम के अनुसार, आज दोपहर 2:00 बजे उत्तर प्रदेश के गोंडा स्थित नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रकथा महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 3:15 बजे अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने जाएंगे. भगवान राम के दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड वापस आ जाएंगे.
अंकिता मामले में विपक्ष लगातार पूछ रहा सवाल, सरकार दे रही सफाई: अंकिता भंडारी हत्याकांड मामला प्रदेश भर में इन दिनों सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है. यही वजह है कि भाजपा की ओर से इस पूरे मामले पर लगातार सफाई दी जा रही है. इसके लिए पहले भी भाजपा विधायक, कैबिनेट मंत्री और राज्यसभा सांसद प्रेसवार्ता कर संगठन और सरकार का पक्ष रख चुके हैं. इन प्रेस वार्ताओं के दौरान ठीक-ठाक जवाब ना दे पाने के चलते बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद कमान संभाली और विकसित भारत की राम जी के बहाने अंकिता भंडारी मामले पर खुलकर सरकार और संगठन की मंशा को जाहिर किया. हालांकि, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस बात को कहा कि सरकार अंकिता भंडारी के माता-पिता से बातचीत करेगी और वह जो कहेंगे, उसके अनुसार सरकार कानूनी पहलुओं के साथ जांच आगे बढ़ाएगी.
ये भी पढ़ें:
- अंकिता भंडारी हत्याकांड: CBI जांच की मांग के लिए कांग्रेस का नैनीताल में कैंडल मार्च, गणेश जोशी बोले- 'भ्रम फैला रहा है विपक्ष'
- अंकिता केस के जरिए लाया सियासी भूचाल! कुछ दिन रहे 'अंडरग्राउंड', अब सामने आए सुरेश राठौर-उर्मिला सनावर
- उर्मिला-सुरेश की पर्सनल फाइट से उत्तराखंड की राजनीति में मची खलबली, त्रिवेंद्र ने भी दिया बड़ा बयान
- अंकिता हत्याकांड, नोटिसों के बाद भी SIT के सामने पेश नहीं हुए सुरेश-उर्मिला, अब बढ़ेंगी मुश्किलें!

