उत्तर प्रदेश के युवक की पंचकूला में हत्या, लूट के इरादे से बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
पंचकूला में लूट के इरादे से बाइक सवार युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बिहार निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है.

Published : March 4, 2026 at 10:33 AM IST
पंचकूला: 2 से 3 फरवरी की मध्य रात्रि दो लोगों ने लूट के इरादे से एक बाइक सवार युवक की तेजधार हथियार से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देकर हत्यारोपी मौके से फरार हो गए. वहीं, घायल युवक को जब सेक्टर 6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरी जांच में उसे मृत पाया गया.
हत्या कर मोबाइल छीन हुए फरार: एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि "पुलिस गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दीपक नामक युवक बाइक पर सवार होकर घर की तरफ जा रहा था. इस दौरान 2 फरवरी की रात करीब दो बजे सेक्टर-12 स्थित कृषि भवन की ओर जाने वाली सड़क पर दो अज्ञात युवकों ने बाइक सवार दीपक पर तेजधार हथियारों से हमला का दिया. इसके बाद दोनों हमलावर दीपक का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए. इसके बाद वारदात की सूचना पर पुलिस ने लहूलुहान दीपक को सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत पाया."
कॉल सेंटर में काम करता था दीपक: दीपक के भाई की शिकायत पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया. शिकायतकर्ता भाई ने बताया कि "वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमेठी के रहने वाले हैं लेकिन उनका 33 वर्षीय भाई दीपक वर्तमान में जीरकपुर के ढकोली में बतौर किराएदार रह रहा था. दीपक पंचकूला स्थित एक कॉल सेंटर में काम करता था, जिस पर देर रात लूट के इरादे से हमला किया गया. थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश के लिए विभिन्न पुलिस टीमें गठित की."
एक आरोपी गिरफ्तार और दूसरा फरार: डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि "क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 के इंचार्ज दलीप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी रोशन निवासी गोपालगंज, बिहार, हाल किरायेदार ढकोली को गिरफ्तार कर लिया. बताया कि आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश कर उसके पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया जा सके. वहीं वारदात में शामिल फरार दूसरे आरोपी की तलाश के लिए फिलहाल पुलिस छापामारी में जुटी है. पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है."
आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं: पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि "पंचकूला में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जो भी अपराधी कानून हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा."

