सीएसए यूनिवर्सिटी में बनेगा UP का पहला सीड हब, केंद्र ने दिया ग्रीन सिग्नल
कानपुर स्थित सीएसए यूनिवर्सिटी में 1.25 करोड़ रुपये से उत्तर प्रदेश का पहला सीड हब बन रहा है. केंद्र ने ग्रीन सिग्नल दे दिया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 9:38 AM IST
कानपुर: कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि (सीएसए विवि) में सूबे का पहला सीड हब विकसित किया जाएगा. इसके लिए केंद्र सरकार ने अपनी ओर से ग्रीन सिग्नल दे दिया है. पहले चरण में सरकार की ओर से सीड हब के लिए 1.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
इसकी जानकारी विवि के शोध निदेशक को पत्र के माध्यम से दे दी गई. सीएसए विवि के शोध निदेशक डा.महक सिंह ने बताया, विवि में कृषि वैज्ञानिक सालों से ये मांग कर रहे थे, कि विवि को सीड हब दिया जाए. ऐसे में सरकार की ओर से अभी तिलहनी फसलों- अलसी, तिल, सूरजमुखी, राई-सरसों व मूंगफली के लिए सीड हब को स्वीकृत कर दिया.
उन्होंने कहा, अभी तक विवि में जो बीज संयंत्र संचालित है उसमें सभी तरह की फसलों के बीजों की प्रोसेसिंग होती है. पर, अब तिलहनी फसलों के लिए सीड हब होने से इन फसलों की खेती करने वाले किसानों को हमेशा बीज मुहैया हो जाएंगे. विवि में उक्त फसलों के जनक बीज सालों से तैयार किेए जा रहे हैं.
कल्याणपुर स्थित एनडीएफ फॉर्म में बनाएंगे सीड हब: सीएसए विवि के शोध निदेशक डा.महक सिंह ने बताया, विवि द्वारा कल्याणपुर स्थित एनडीएफ फॉर्म पर सीड हब को बनाया जाएगा.
उन्होंने कहा, एक साल के अंदर इसे तैयार कर देंगे. तिलहनी फसलों के बीजों को बढ़ावा देने के मकसद से इसकी स्थापना कराई जा रही है. बोले, अब सूबे के किसानों को इस सीड हब से उच्च गुणवत्ता वाले बीज मिल सकेंगे. इससे उनकी फसलों की पैदावार अच्छी होगी. फिर, उनकी आय में भी इजाफा होगा.
ये भी पढ़ें - IIT कानपुर और NCRA पुणे के वैज्ञानिकों की बड़ी उपलब्धि; तारों की दूरी-गति मापना आसान

