ETV Bharat / state

PM मोदी से दिल्ली मिलने पहुंचे CM योगी, विभिन्न मुद्दों पर की गहन चर्चा, बड़े बदलाव के संकेत

सीएम योगी और पीएम मोदी के बीच करीब 45 मिनट तक प्रदेश के विकास, संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव को लेकर हुई चर्चा

चर्चा करते सीएम योगी औऱ पीएम मोदी.
चर्चा करते सीएम योगी औऱ पीएम मोदी. (CM Yogi X)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 5, 2026 at 3:08 PM IST

|

Updated : January 5, 2026 at 7:06 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊः उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह 'बाबूजी' की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. लखनऊ में कल्याण सिंह की जंयती पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद सीएम योगी दिल्ली रवाना हो गए. नए साल में पहली बार पीएम आवास में प्रधानमंत्री और सीएम योगी की मुलाकात हुई और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की.

मुलाकात के बाद सीएम योगी ने X पर दो तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, 'आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया. आपका पाथेय 'नए उत्तर प्रदेश' की विकास यात्रा को और अधिक गति प्रदान करने हेतु सदैव नवीन ऊर्जा का संचार करता है. अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने हेतु हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी.'

सीएम योगी की ओर से साझा की गई एक तस्वीर में मंदिर की सुंदर आकृति भेंट की जा रही है. वहीं, दूसरी तस्वीर में दिख रहा है कि दोनों नेता खुले आसमान के नीचे कुर्सी पर बैठ कर गहन चर्चा कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि सीएम योगी और पीएम मोदी के बीच करीब 45 मिनट तक उत्तर प्रदेश के विकास, संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव के रणनीति को लेकर चर्चा हुई है. वहीं, प्रधान मंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने भी एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगीआदित्यनाथ ने प्रधान मंत्री नरेंद्रमोदी से मुलाकात की.

जेपी नड्डा और नितिन नबीन से मिले सीएम योगी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिले. जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद सीएम योगी ने X पर दो तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की.अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने हेतु आपका हार्दिक आभार'.

वहीं नितिन नबीन से मुलाकात के बाद सीएम योगी ने एक्स पर लिखा कि 'आज नई दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी से शिष्टाचार भेंट की'.

नितिन नबीन से मिले बृजेश पाठक: दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी दिल्ली दौरे पर हैं. जहां उन्होंने पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की है. बृजेश पाठक ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि आज नई दिल्ली में कुशल संगठन शिल्पी, कर्मठ व्यक्तित्व के धनी, भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से आत्मीय भेंटकर कुशल मार्गदर्शन प्राप्त किया.

वहीं भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि मकर संक्रांति के बाद उत्तर प्रदेश के संगठन और मंत्रिमंडल में बदलाव की संभावना है. मुख्य तौर पर कुछ नेताओं को मंत्रिमंडल में और कुछ को संगठन में एडजस्ट किया जाना है. जिसको लेकर उच्च स्तरीय वार्ता दिल्ली में होगी. यहां से निकले निष्कर्ष के आधार पर पार्टी बड़े बदलाव करेगी.

इसे भी पढ़ें- कल्याण सिंह को सीएम योगी ने किया याद, जयंती पर बाबूजी के राष्ट्रीय योगदान को सराहा

Last Updated : January 5, 2026 at 7:06 PM IST