ईरान के युद्ध के कारण फ्लाइट निरस्त, RCA के पूर्व उपाध्यक्ष, उज्जैन महाकाल मंदिर के पुजारी सहित कई दुबई में फंसे
ईरान के हमले के कारण दुबई में कई भारतीय फंसे हुए हैं. सभी ने भारत सरकार ने वापसी के लिए आग्रह किया है.

Published : March 1, 2026 at 3:06 PM IST
|Updated : March 1, 2026 at 3:44 PM IST
चित्तौड़गढ़ : अमेरिका-इजरायल की ओर से ईरान पर किए जा रहे संयुक्त हमलों का असर अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट पर भी दिखाई दे रहा है. इस युद्ध के कारण कई फ्लाइट निरस्त हो गई हैं. शनिवार शाम को दुबई से आखरी फ्लाइट भारत के लिए रवाना हुई थी. इसके बाद सारी फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं. ऐसे में कई भारतीय भी वहां फंसे हैं, जिनमें राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष शक्ति सिंह राठौड़ और उज्जैन महाकाल मंदिर के मुख्य पूजारी विकास महाराज भी शामिल हैं. भारत लौटने के लिए अगले निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है. जो दुबई में फंसे हुए हैं, उनके परिजन भी चिंतित दिखाई हैं.
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष शक्ति सिंह राठौड़ ने बताया कि ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद भारतीयों के लिए भी परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनती जा रही हैं. कई भारतीय यहां खाड़ी देशों सहित यूएई के देशों में अटक गए हैं. उनके साथ ही उज्जैन महाकाल के मुख्य पुजारी विकास महाराज सहित अन्य लोग भी दुबई में फंस गए हैं. सभी दुबई में बुर्ज खलीफा सहित आस पास के होटलों में रुके हुए हैं. सभी भारत लौटने के लिए चिंतित हैं.
पढ़ें. खामेनेई की मौत के विरोध में शिया समुदाय का जयपुर में आज शाम प्रदर्शन
अनुमति नहीं मिली तो फिर से लिया एयरपोर्ट में : राठौड़ ने बताया कि उनकी फ्लाइट शनिवार दोपहर करीब 1 बजे की थी. इमिग्रेशन के बाद वह हवाई जहाज में पहुंच गए थे, लेकिन हमला होने के कारण हवाई जहाज को एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया. काफी देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही और अंत में सभी यात्रियों को फिर से एयरपोर्ट के अंदर कर लिया गया. कई घंटे तक कार्रवाई चलने के बाद उन्हें शाम को एयरपोर्ट से उनके होटल भेज दिया गया. हाल ही में दुबई एयरपोर्ट पर ड्रोन से हमला हुआ है. वह भारत सरकार से संपर्क साधने का प्रयास कर रहे हैं. वहीं, दुबई में रहने वाले कुछ भारतीयों से भी उन्होंने संपर्क किया है. राठौड़ ने बताया कि हमलों को देखते हुए बुर्ज खलीफा को भी खाली कराया गया है. दुबई में विभिन्न स्थानों पर बमबारी और ड्रोन हमले हो रहे हैं.
सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे : उज्जैन महाकाल मंदिर के पुजारी विकास महराज ने बताया कि वे दुबई एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में गए थे. यहां सब कुछ सही रहा. जब वापसी के लिए निकले और फ्लाइट में बैठे तभी अचानक पता चला कि इस तरह का युद्ध प्रारंभ हो चुका है. सभी पैनिक हो गए. फ्लाइटें निरस्त हो गईं. विकास महराज ने प्रार्थना की है कि बाबा महाकाल युद्ध को यहीं विराम दें. जो भारतवासी और पर्यटक यहां फंसे हैं, वे सभी सुरक्षित अपने-अपने स्थान पर पहुंच जाएं.
भारत सरकार सुरक्षित लाने का करें प्रयास : दुबई से रविवार सुबह ही जयपुर लौटे चित्तौड़गढ़ निवासी जेपी दशोरा ने बताया कि वे दुबई गए थे. उन्हें दिल्ली आना था और दुबई से उनकी आखिरी फ्लाइट थी, जिसने उड़ान भरी थी. इसके बाद वाली सभी फ्लाइट रोक दी गई. शक्ति सिंह राठौड़ को मुंबई जाना था. दशोरा ने बताया कि उनकी अंतिम फ्लाइट दुबई से उड़ी. इसके बाद कोई भी फ्लाइट दुबई से नहीं उड़ी. हम सुरक्षित जयपुर पहुंचे हैं. हमारे अन्य साथी व विकास महराज दुबई में फंसे हुए हैं. भारत सरकार से आग्रह है कि इनकी सकुशल भारत वापसी के लिए प्रयास करें.

