आमेर महल का जादू: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर हुए मंत्रमुग्ध, बोले- फिर आऊंगा
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने जयपुर के पर्यटक स्थलों का भ्रमण किया. ऐतिहासिक धरोहर और सांस्कृतिक परंपराओं को देखकर रोमांचित हुए.

Published : February 23, 2026 at 6:50 PM IST
जयपुर: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) ने जयपुर में राजसी अंदाज में हाथी की सवारी की और आमेर महल की पहाड़ियों से गुलाबी नगरी का नजारा देखा. वे अपनी दो दिवसीय यात्रा पर यहां आए थे. राजदूत ने कड़ी सुरक्षा के बीच आमेर महल, हवा महल और हाथी गांव का भ्रमण किया. आमेर महल की जल उठान प्रणाली और यहां की स्थापत्य कला को देखकर वे अभिभूत हो गए. उन्होंने कहा कि यह धरोहर सचमुच अद्भुत है और वे यहां फिर आना चाहेंगे.
वरिष्ठ पर्यटक गाइड महेश कुमार शर्मा ने उन्हें आमेर महल का भ्रमण करवाया और आमेर के इतिहास सहित विभिन्न जानकारियां दीं. शर्मा ने बताया कि अमेरिकी राजदूत को आमेर महल बेहद खूबसूरत लगा. उन्होंने आमेर महल के शीश महल, मानसिंह महल, दीवान-ए-आम और दीवान-ए-खास की भूरि-भूरि प्रशंसा की. आमेर महल की जल उठान प्रणाली (वॉटर लिफ्टिंग सिस्टम) को उन्होंने अद्भुत बताया. लोक कलाकारों की संगीतमय लाइव प्रस्तुति देखकर वे मंत्रमुग्ध हो गए. राजदूत ने आमेर महल के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन करके यहां के इतिहास और कला-संस्कृति की सराहना की. उन्होंने आमेर की हाथी सवारी का भी आनंद लिया. अमेरिकी राजदूत ने जयपुर और आमेर फिर आने की इच्छा जाहिर की तथा जयपुर शहर की भी काफी तारीफ की.
वरिष्ठ पर्यटक गाइड महेश कुमार शर्मा ने राजदूत को आमेर के इतिहास, कछवाहा राजवंश की विरासत, मुगल-राजपूत स्थापत्य समन्वय और यूनेस्को विश्व धरोहर के रूप में आमेर महल की पहचान के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने आमेर महल की वास्तु विशेषताओं, युद्धकालीन संरचना, राजसी जीवनशैली और हाथी गांव के बारे में भी विस्तार से बताया.
राजस्थानी कठपुतली नृत्य शो बना आकर्षण का केंद्र: आमेर महल में पारंपरिक राजस्थानी कठपुतली शो अमेरिकी राजदूत के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा. लोक संगीत की मधुर धुनों के साथ रंग-बिरंगी कठपुतलियों की जीवंत प्रस्तुति ने उन्हें मंत्रमुग्ध कर दिया. अमेरिकी राजदूत ने कठपुतली नृत्य शो देखने के बाद कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान की लोक कला विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान रखती है. यह केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि इतिहास और संस्कृति को जीवंत रखने की सशक्त परंपरा है.
यह भी पढ़ें: जयपुर पहुंचीं थाईलैंड की राजकुमारी, कड़ी सुरक्षा के बीच आमेर महल का भ्रमण किया
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद: आमेर महल अधीक्षक राकेश छोलक ने बताया कि अमेरिकी राजदूत के भ्रमण के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. आमेर महल प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने सभी व्यवस्थाओं का ध्यान रखा. आसपास के क्षेत्र में चाक-चौबंद सुरक्षा प्रबंध किए गए. आमेर महल के प्रवेश द्वारों पर विशेष जांच, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे.

