लखनऊ में उर्दू टीचिंग एंड रिसर्च सेंटर, ट्रांसमिशन और UPSIDC भवन सील, जानिए नगर निगम ने क्यों किया ऐसा
तीनों भवनों पर हाउस टैक्स का करोड़ों रुपये बकाया है. नोटिस जारी करने के बाद भी टैक्स जमा नहीं करने पर एक्शन लिया गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 9, 2026 at 3:31 PM IST
लखनऊ : नगर निगम लखनऊ ने हाउस टैक्स वसूली को लेकर सख्त कदम उठाए हैं. सोमवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार और अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के निर्देश पर जोन-4 में हाउस टैक्स के बड़े बकाएदारों के खिलाफ एक्शन लिया गया है. जोनल अधिकारी जोन-4 शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने तीन बड़े बकाएदार संस्थानों के भवनों को सील कर दिया.
नगर निगम की टीम ने उर्दू टीचिंग एंड रिसर्च सेंटर, ट्रांसमिशन भवन तथा यूपीएसआईडीसी (उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम) के भवन को गृहकर बकाया होने के कारण सील करने की कार्रवाई की. नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इन संस्थानों पर लंबे समय से गृहकर का बकाया चल रहा था और कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद कर जमा नहीं किया गया, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया.
जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी ने बताया कि उर्दू टीचिंग एंड रिसर्च सेंटर पर कुल 1 करोड़ 23 लाख 93 हजार 473.92 रुपये का गृहकर बकाया है. इसके अलावा ट्रांसमिशन भवन पर 22 लाख 22 हजार 501 रुपये का गृहकर बकाया है. यूपीएसआईडीसी के भवन पर 52 लाख 735.41 रुपये का गृहकर बकाया पाया गया है.
लगातार नोटिस जारी करने और कर जमा करने के लिए समय दिए जाने के बाद भी भुगतान नहीं होने पर इन भवनों को सील करने की कार्रवाई की गई. सोमवार को नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्यालय में काम कर रहे कर्मचारियों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए भवनों को सील कर दिया.
यह भी पढ़ें : यूपी भाजपा में होने जा रहा बड़ा बदलाव, कई पदाधिकारियों को लग सकता है झटका, नए चेहरों को मिलेगी कमान

