बारां में अव्यवस्था एवं नाराजगी की भेंट चढ़ा सेवा शिविर, मंत्री खर्रा के सामने फरियादियों की लंबी कतारें
भाजपा कार्यकर्ता, पार्षद और आमजन में अपनी बात यूडीएच मंत्री तक नहीं पहुंच पाने को लेकर रहा असंतोष.

Published : July 7, 2026 at 7:56 PM IST
बारां: नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा का नगर परिषद में शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण अव्यवस्था और नाराजगी की भेंट चढ़ गया. मंत्री खर्रा मंगलवार को शिविर का निरीक्षण करने परिषद पहुंचे तो वहां फरियादियों की लंबी कतारें नजर आईं. जन समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर मंत्री से सवाल पूछने से मीडिया को रोकने का भी आरोप है. वहीं भाजपा कार्यकर्ता, पार्षद और आमजन में अपनी बात मंत्री तक नहीं पहुंच पाने को लेकर असंतोष दिखा.
नगर परिषद धर्मशाला में सेवा शिविर में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे. सफाई व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण, जलभराव, लंबित विकास कार्यों और परिषद में आयुक्त नहीं होने से प्रभावित कार्यों को लेकर लोग मंत्री से मिलने का इंतजार करते रहे. इसी दौरान मीडिया ने शहर की प्रमुख समस्याओं पर मंत्री से सवाल पूछने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि पार्टी नेता व अन्य कार्यकर्ताओं ने सवाल पूछने से रोक दिया. इसे लेकर कुछ देर विवाद और हंगामे के हालात बन गए. शहर की उधड़ी सड़कें, सीवरेज, घर-घर कचरा संग्रहण समेत विभिन्न जन समस्याओं पर सवाल पूछना चाह रहे थे. हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार ने कहा कि हमने सवाल पूछने से ना तो किसी को रोका और ना ही सवालों से भागे हैं. हमने यह कहा था कि पहले जनता से बात कर लेने दीजिए, बाद में पत्रकारों से बात करेंगे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिविर में पहुंचे कई फरियादी शिकायत लेकर एक से दूसरे काउंटर तक भटकते रहे. विभागीय कर्मचारी उन्हें अलग-अलग अधिकारियों के पास भेजते रहे. कई लोग मंत्री से मुलाकात नहीं कर सके. भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने भी नाराजगी जताई. उनका कहना था, लंबे समय तक इंतजार करने के बावजूद मंत्री से मिलने का मौका नहीं मिला. लोगों की शिकायत थी कि परिषद में आयुक्त का पद रिक्त होने के कारण आमजन के अनेक कार्य लंबित हैं. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.

