Local Body Elections 2026: आज से प्रत्याशी दाखिल करेंगे पर्चा, नामांकन के लिए मिलेंगे सिर्फ 3 दिन, 9 और 11 सितंबर को मतदान
इस बार इस बार निकाय चुनाव में जयपुर में 9 व 11 सितंबर को दो चरणों में 28 लाख से अधिक मतदाता मतदान करेंगे.

Published : August 27, 2026 at 7:17 AM IST
|Updated : August 27, 2026 at 8:09 AM IST
जयपुर : राजस्थान में स्थानीय लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव शुरू हो चुका है. राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा राजस्थान नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी करने के साथ ही प्रशासनिक तैयारियां युद्धस्तर पर पहुंच गई हैं. जयपुर जिले की बात करें तो यहां नगर निगम सहित कुल 19 नगरीय निकायों में चुनावी सरगर्मियां परवान पर हैं. 27 अगस्त यानी आज से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो रही है.
लोक सूचना जारी होने के साथ ही प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है, लेकिन 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार होने के कारण प्रत्याशी केवल 27, 29 और 31 अगस्त को ही नामांकन दाखिल कर सकेंगे. जयपुर जिले में नगर निगम सहित कुल 19 नगरीय निकायों के चुनाव होने हैं. इन निकायों में कुल 28 लाख 25 हजार 46 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इनमें 14 लाख 63 हजार 1 पुरुष, 13 लाख 61 हजार 949 महिला और 96 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें: निकाय चुनाव 2026: लोकसूचना के साथ कल नामांकन का श्रीगणेश, जयपुर जिला प्रशासन की तैयारी पूरी
27, 29 और 31 अगस्त को ही दाखिल होंगे नामांकन : जिला निर्वाचन अधिकारी म्युनिसिपल संदेश नायक के अनुसार सदस्य पद के लिए 27 अगस्त को लोक सूचना जारी की जाएगी. प्रत्याशी 27, 29 और 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे. नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है. इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा.
दो चरणों में होगा मतदान : राज्य निर्वाचन आयोग ने 'एक राज्य-एक चुनाव' के सिद्धांत के अनुरूप जयपुर जिले के नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में कराने का कार्यक्रम तय किया है. पहले चरण में नगर परिषद और नगर पालिकाओं के सदस्यों के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा. इसके बाद दूसरे चरण में जयपुर नगर निगम के सदस्यों के लिए 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा. दोनों चरणों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा. चुनाव की मतगणना 14 सितंबर, सोमवार को भवानी निकेतन कॉलेज परिसर में की जाएगी.
चुनावी प्रक्रिया का टाइमटेबल :-
- नामांकन की शुरुआत: 27 अगस्त 2026
- नामांकन की अंतिम तिथि: 31 अगस्त 2026 (सुबह 10:30 से दोपहर 3:00 बजे तक)
- नामांकन पत्रों की जांच (संवीक्षा): 1 सितंबर 2026
- नाम वापसी की अंतिम तिथि: 3 सितंबर 2026 (दोपहर 3:00 बजे तक)
- चुनाव चिन्हों का आवंटन: 4 सितंबर 2026
- प्रथम चरण का मतदान: 9 सितंबर 2026 (नगर परिषद एवं नगर पालिकाएं)
- द्वितीय चरण का मतदान: 11 सितंबर 2026 (जयपुर नगर निगम)
- मतगणना एवं परिणाम: 14 सितंबर 2026 (सोमवार, भवानी निकेतन कॉलेज परिसर)
- 'एक राज्य-एक चुनाव' मॉडल: दो चरणों में होगा मतदान
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए 15 RO कार्यालय : जयपुर नगर निगम के कुल 150 वार्डों में चुनाव को लेकर प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया की व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली हैं. प्रत्याशियों की सुविधा के लिए 15 रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय बनाए गए हैं. प्रत्येक रिटर्निंग ऑफिसर के जिम्मे करीब 10 वार्ड होंगे और संबंधित वार्डों के प्रत्याशी इन्हीं कार्यालयों में अपना नामांकन दाखिल करेंगे. प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अधिकारियों और मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: निकाय चुनाव: जिन बूथों पर पिछली बार हुआ विवाद, वहां पुलिस की खास नजर, क्रिटिकल बूथों पर अतिरिक्त जाब्ता
13 हजार से ज्यादा मतदान अधिकारियों को ट्रेनिंग : जयपुर जिले की नगरीय निकाय चुनाव प्रक्रिया के लिए 13,076 पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों को दो सत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया, ईवीएम के संचालन, मतदाताओं की पहचान और चुनाव संबंधी नियमों की जानकारी दी जाएगी. चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी EVM का इस्तेमाल किया जाएगा. मतदान के दौरान मतदाता को अपना पहचान पत्र यानी EPIC प्रस्तुत करना होगा. जिन मतदाताओं के पास EPIC नहीं है, वे राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मान्य 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से किसी एक का मूल दस्तावेज प्रस्तुत कर मतदान कर सकेंगे.
जयपुर नगर निगम में 24.33 लाख मतदाता : जयपुर नगर निगम क्षेत्र में सबसे ज्यादा 24 लाख 33 हजार 121 मतदाता दर्ज हैं. इनमें 12 लाख 61 हजार 380 पुरुष, 11 लाख 71 हजार 649 महिला और 92 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. इसके अलावा चौमूं नगर परिषद में 53,182 और शाहपुरा नगर परिषद में 64,106 मतदाता हैं.
नगरपालिकाओं में मतदाताओं की संख्या : जयपुर जिले की विभिन्न नगरपालिकाओं में भी बड़ी संख्या में मतदाता चुनाव में हिस्सा लेंगे. आंकड़ों के अनुसार बगरू में 23,254, बस्सी में 20,785, चाकसू में 30,250, दूदू में 15,316 और जमवारामगढ़ में 19,975 मतदाता हैं. इसी तरह जोबनेर में 9,036, कालाडेरा में 10,674, कानोता में 9,322, खेजरोली में 15,152, किशनगढ़ रेनवाल में 23,905, मनोहरपुर में 20,065 और नारायणा में 13,142 मतदाता दर्ज हैं. फागी में 11,757, फुलेरा में 19,093, सांभर में 17,733 और वाटिका में 15,178 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
इसे भी पढ़ें: निकाय चुनाव में मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश, दो चरणों में रहेगा ड्राई डे
पाली और फतेहपुर में मतदान की तारीख बदली : नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच पाली नगर निगम और फतेहपुर नगर परिषद में धार्मिक आस्था और आमजन की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मतदान की तारीख में बदलाव किया गया है. निर्वाचन आयोग की ओर से संबंधित निकायों के लिए संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. राज्य में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां भी तेज होने की संभावना है. अब प्रत्याशियों के चयन, नामांकन और चुनाव प्रचार के साथ स्थानीय स्तर पर राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलेंगे.

