गोरखपुर में UPTET: बायोमेट्रिक सत्यापन में खुली पोल, खेल करने वाला युवक गिरफ्तार
आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, मुकदमा दर्ज आगे की कार्रवाई की जा रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 5, 2026 at 11:29 AM IST
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) सकुशल संपन्न हो गई. गोरखपुर में कुल 72020 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हुए थे. प्राइमरी और उच्च प्राइमरी स्तर की लिखित परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को सभी यूपी के 60 जनपदों में आयोजित की गई थी. वहीं, गोरखपुर परीक्षा केंद्र में सतर्कता के चलते एक मुन्ना भाई को पुलिस ने पकड़ा है. जब वह फर्जी आधार कार्ड लेकर परीक्षा केंद्र में शामिल होने की कोशिश कर रहा था, पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था. जब उसकी बायोमेट्रिक मिसमैच हुई, तो पुलिस को संदेह हो गया. आधार का सत्यापन करने के दौरान पता लगा कि आधार कार्ड ही फर्जी है.
जब उससे पूछताछ की गई और अन्य दस्तावेजों का मिलान किया गया, तो उसकी पहचान संदिग्ध पाई गई. इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. अभ्यर्थी बस्ती जिले का देव प्रकाश वर्मा है, जो दूसरे की जगह परीक्षा देने की कोशिश कर रहा था.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुंचा था. पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
गोरखपुर के एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि बायोमेट्रिक चेकिंग के दौरान एक अभ्यर्थी का डॉक्यूमेंट संदिग्ध लग रहा था. जांच की गई तो फर्जी पाया गया, उसका नाम देव प्रकाश वर्मा पुत्र रामधनी, निवासी धोसडे मिश्र थाना पैकोलिया बस्ती का रहने वाला था, उसके खिलाफ शाहपुर थाना क्षेत्र में विधिक कार्रवाई की जा रही.
यह भी पढ़ें: योगी सरकार की बड़ी कामयाबी: प्रदेश के 60 जिलों में नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई UPTET 2026 परीक्षा
यह भी पढ़ें: UPTET 2026: प्रदेश में दूसरे दिन की परीक्षा संपन्न, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर रखी गई नजर

