UPTET 2026 का रिजल्ट जारी: प्राथमिक में 5.71 लाख और उच्च प्राथमिक में 7.59 लाख अभ्यर्थी हुए सफल
UPTET 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है. प्राथमिक स्तर पर 80.07% और उच्च प्राथमिक स्तर पर 71.85% अभ्यर्थी सफल हुए हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 26, 2026 at 10:08 PM IST
|Updated : August 26, 2026 at 10:14 PM IST
लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) का परिणाम घोषित कर दिया गया है. आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा 02, 03 और 04 जुलाई 2026 को कुल 5 पालियों में आयोजित की गई थी. प्रदेश के 60 जनपदों के 955 केंद्रों पर संपन्न हुई इस परीक्षा में 19,94,661 अभ्यर्थी पंजीकृत थे. विज्ञापन के नियमों के तहत तुलनात्मक मूल्यांकन (नॉर्मलाइजेशन) प्रक्रिया का पालन करते हुए यह परिणाम तैयार किया गया है. चयन परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in/ पर अभ्यर्थी देख सकते हैं.
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के परिणाम: प्राथमिक स्तर (कक्षा 01 से 05) की परीक्षा में शामिल 7,13,648 अभ्यर्थियों में से 80.07 प्रतिशत यानी 5,71,435 अभ्यर्थी सफल रहे हैं. वहीं उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 06 से 08) में शामिल 10,57,021 अभ्यर्थियों में से 71.85 प्रतिशत यानी 7,59,513 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है. परीक्षा का परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर लाइव कर दिया गया है, जहां अभ्यर्थी अपना रिजल्ट देख सकते हैं.
कार्यरत शिक्षकों ने भी लहराया सफलता का परचम: इस परीक्षा में शामिल कार्यरत शिक्षकों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है. प्राथमिक स्तर पर 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 76.29 प्रतिशत (93,387) सफल हुए हैं. इसके अलावा, उच्च प्राथमिक स्तर पर परीक्षा देने वाले 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 77.45 प्रतिशत यानी 1,13,384 शिक्षकों को सफल घोषित किया गया है.
पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ परीक्षा संपन्न: आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों वाली इस विशाल परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ पूरा कराया गया. उन्होंने बताया कि परीक्षा के विज्ञापन में पहले से तय मानकों का पूरी तरह पालन किया गया है. सफल अभ्यर्थियों को आयोग ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं.
यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाईकोर्ट का आदेश: यूपी के सभी निजी स्कूलों में RTE दाखिलों का जिलावार ब्योरा पेश करे सरकार

