रांची में UPSC मुख्य परीक्षा शुरू, परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू
UPSC Mains परीक्षा 2026 रांची में शुरू हो गई है. परीक्षा केंद्र के 200 मीटर क्षेत्र में धारा 163 लागू की गई है.

Published : August 21, 2026 at 12:14 PM IST
रांची: देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 शुक्रवार से शुरू हो गई. रांची में भी परीक्षा के लिए डोरंडा स्थित निर्मला कॉलेज को केंद्र बनाया गया है. जिला प्रशासन के अनुसार, रांची में करीब 200 परीक्षार्थी मुख्य परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है और शुक्रवार को परीक्षार्थी निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर चुके हैं.
परीक्षा को कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने विशेष सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं. निर्मला कॉलेज परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है. यह निषेधाज्ञा 21, 22, 23, 29 और 30 अगस्त को सुबह 6 बजे से शाम 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगी.

एसडीएम ने दी जानकारी
रांची के एसडीएम कुमार रजत ने बताया कि परीक्षा केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए यह व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में पांच या पांच से अधिक लोगों के एक जगह जमा होने पर रोक रहेगी. सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी-कर्मचारी और सरकारी कार्यक्रम या शवयात्रा को इससे अलग रखा गया है.
निषेधाज्ञा के तहत ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल, किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र या हरवे-हथियार लेकर चलने तथा परीक्षा केंद्र के आसपास बैठक या आमसभा आयोजित करने पर भी रोक रहेगी. प्रशासन ने परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की है.

एसडीएम कुमार रजत ने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं. परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से भी परीक्षा केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की है. परीक्षा केंद्र में प्रवेश के बाद परीक्षार्थी निर्धारित नियमों के तहत परीक्षा में शामिल हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें: UPSC PT Exam 2026: रांची में 36 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू

