फिरोजाबाद में हिंदू धर्मस्थल पर आपत्तिजनक टिप्पणी, दो समुदाय में बवाल, पथराव, बाइक छोड़कर भागे
मामले में पुलिस दोनों पक्षों पर कार्रवाई कर रही है. तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात किया गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 11, 2026 at 8:33 PM IST
फिरोजाबाद : थाना नारखी क्षेत्र में हिंदू धर्मस्थल को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर दो पक्षों में विवाद हो गया. विशेष समुदाय के लोगों ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं पर पथराव कर दिया. कार्यकर्ता अपनी गाड़ी छोड़कर भाग निकले. हमले में कई लोगों को चोट आई है. मामले में पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है.
गांव दौरी के रहने वाले राशिद ने सोशल मीडिया पर हिंदू धर्मस्थल पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इस पोस्ट के बारे में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को पता चला तो बड़ी तादाद में कार्यकर्ता राशिद के घर पहुंच गए. गांव में बड़ी संख्या में बाहरी लोगों को देखकर ग्रामीण भड़क गए. भीड़ ने कार्यकर्ताओं को घेर लिया.
देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया. कार्यकर्ताओं ने अपनी बाइकें मौके पर ही छोड़ दी और किसी तरह खेतों में भागकर अपनी जान बचाई. सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. मौके पर फोर्स तैनात है.
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि गांव दौरी के रहने वाले राशिद नाम के युवक ने हिंदू धर्मस्थल को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी. इसी बात को लेकर कुछ लोग बाइक से राशिद के घर पहुंचे थे. दोनों पक्षों में बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया. दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गयी.
इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया. पथराव से इलाके में भगदड़ मच गयी और बाइक से आये लोग भाग खड़े हुए. इस घटना को लेकर गांव में तनाव है. सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. साथ ही जिन लोगों ने गांव में जाकर माहौल बिगाड़ने का काम किया है, उनके खिलाफ भी एक्शन लिया जा रहा है.

