फर्रुखाबाद में निजी अस्पताल में महिला की मौत; परिजनों का जमकर हंगामा, CMO बोले- सील किया जा रहा हाॅस्पिटल
सीएमओ डॉक्टर अवनींद्र कुमार ने बताया कि महिला की मौत के मामले में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी गई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 9:08 PM IST
फर्रुखाबाद : जिला के थाना कादरीगेट क्षेत्र के मसेनी स्थित एक निजी हॉस्पिटल में महिला (25) की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. घटना की सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. इस मामले में सीएमओ का कहना है कि अस्पताल को सील किया जा रहा है, नियमानुसार जो भी कार्रवाई होगी वह की जाएगी.
परिजन शिवनाथ सिंह ने बताया कि डिग्गी ताल निवासी राखी (25) की शादी चार वर्ष पूर्व जनपद इटावा के ऊसराहार में हुई थी. प्रसव का समय पास आते ही वह मायके आई हुई थी. एक सप्ताह पहले 20 तारीख को इसी अस्पताल में उसकी नार्मल डिलीवरी हुई थी.
उन्होंने बताया कि प्रसव के बाद महिला को छुट्टी दे दी गई थी. बीती रात तीन बजे अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई. जिसके बाद परिजन उन्हें दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने बिना समुचित जांच के दवा और इंजेक्शन दे दिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और पेट फूल गया.
पति शिवकांत कश्यप ने आरोप लगाया कि पत्नी को दिखाने लाए थे, लेकिन अस्पताल में क्या इलाज किया गया, यह स्पष्ट नहीं है. उपचार के बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और मौत हो गई.
महिला की छोटी बहन ने थाना कादरीगेट में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है. तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल स्टाफ की लापरवाही के कारण महिला की मृत्यु हुई है.
परिजनों का आरोप है कि हालत बिगड़ने पर विशेष डॉक्टर की व्यवस्था नहीं की गई. परिजनों ने शुक्रवार को अस्पताल में जमकर हंगामा किया. सूचना मिलते ही थाना कादरीगेट पुलिस के साथ सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय और सीएमओ अवनींद्र कुमार मौके पर पहुंचे.
सीएमओ डॉक्टर अवनींद्र कुमार ने बताया कि महिला की मौत के मामले में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी गई है. पोस्टमार्टम पैनल से कराया जाएगा. साथ ही अस्पताल को खाली करवाकर सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि यहां जो मरीज भर्ती थे उनको एम्बुलेस से लोहिया अस्पताल भेजा गया है.
यह भी पढ़ें : कानपुर-सागर हाईवे पर चलते ट्रक का टायर निकलकर दुकान में घुसा, महिला की मौत

