धनबाद के फैक्ट्री हादसे में घायल कर्मी की मौत, मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर सड़क जाम
धनबाद में फैक्ट्री हादसे में घायल कर्मी की मौत के बाद लोगों ने धरना दिया, बाद में मुआवजा और नौकरी देने पर सहमति बनी.

Published : July 6, 2026 at 9:10 PM IST
धनबादः भूली स्थित फैक्ट्री में सात दिन पहले हुए औद्योगिक हादसे ने अब तूल पकड़ लिया है. मशीन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल फैक्ट्री कर्मी अकरम खान की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री गेट के बाहर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार के लिए मुआवजा, एक सदस्य को नौकरी और हादसे के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई.
घायल कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत
भूली स्थित फैक्ट्री में कन्वेयर बेल्ट मशीन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए 50 वर्षीय कर्मचारी अकरम खान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया, वहीं स्थानीय लोगों में भी भारी नाराजगी फैल गई.
कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी
सोमवार को पार्षद इम्तियाज अंसारी, युवा कांग्रेस नेता खुर्शीद अंसारी, झामुमो नेता सद्दाम हुसैन और कई सामाजिक कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर जमा हुए. प्रदर्शनकारियों ने भूली–गोंदुडीह मुख्य मार्ग को जाम कर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
आंदोलनकारियों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी मिले और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा.
सहमति के बाद सड़क जाम हटाया गया
मौके पर पहुंचे भूली ओपी प्रभारी विश्वासजीत ठाकुर ने कंपनी प्रबंधन और प्रदर्शनकारियों के बीच वार्ता कराई. बातचीत के बाद कंपनी की ओर से मृतक के परिजनों को आठ लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी. इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और सड़क जाम हटाया गया.
फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है. अब इस घटना ने फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सवाल यह है कि क्या हादसे की जिम्मेदारी तय करते हुए सुरक्षा मानकों की जांच होगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
ये भी पढ़ेंः
चाईबासा में सीमेंट प्लांट बंद होने के विरोध में लोग, निकाली झींकपानी से चाईबासा तक महापदयात्रा
एचईसी में वेतन बकाया के बीच प्रबंधन की प्राथमिकताओं पर सवाल, मजदूर बदहाल!

