धनबाद में बोगस वोट पर बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
धनबाद में दो वार्ड के पोलिंग बूथों पर बोगस वोटिंग को लेकर हंगामे पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा.

Published : February 23, 2026 at 6:14 PM IST
धनबादः नगर निगम क्षेत्र में चल रहे नगर निकाय चुनाव के दौरान हंगामा और झड़प सामने देखने को मिली. वहीं शहर के दो वार्ड में बोगस वोटिंग जैसे आरोप भी लगे. इसको लेकर खूब हंगामा भी हुआ, जिसे संभालने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.
शहर के वार्ड संख्या 43 के बूथ संख्या 12 मिनी आईटीआई में बोगस वोटिंग के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हुआ. विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को स्थिति संभालने के लिए हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा. हालांकि अब हालात नियंत्रण में हैं और मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है.
धनबाद नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 43 के बूथ संख्या 12 मिनी आईटीआई में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई. जब कुछ लोगों ने बोगस वोटिंग का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए.
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार सुबह से ही दो-तीन पार्षद प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच तनातनी चल रही थी. दोपहर बाद मामला अचानक भड़क गया। बताया जा रहा है कि बैलेट पेपर से मतदान होने के कारण कुछ मतदाताओं, खासकर महिलाओं के बीच भ्रम की स्थिति बनी, जिसे लेकर विवाद शुरू हुआ.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बूथ पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं होने से स्थिति और बिगड़ी. इसी बीच किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिसके बाद समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की और बढ़ गई.

इसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा ताकि हालात काबू में आ सके. लोगों ने इसे प्रशासनिक कुप्रबंधन बताया है और महिला पुलिस बल की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए हैं. फिलहाल अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और मतदान दोबारा शांतिपूर्ण तरीके से जारी है. बताया जा रहा है कि पार्षद प्रत्याशी शमशेर आलम और इंदु देवी के समर्थकों के बीच पहले भी झड़प हो चुकी है, जिसे देखते हुए प्रशासन सतर्क है. फिलहाल वार्ड 43 में स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन की निगरानी में मतदान जारी है. लेकिन इस घटना ने चुनावी व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 22 के सीसीडब्ल्यूओ कॉलोनी स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में बूथ संख्या 22/5 पर बोगस वोटिंग को लेकर जमकर हंगामा हुआ. सूचना मिलने पर सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. हालांकि कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप भी लगाया है.
बताया जा रहा है कि बूथ संख्या 22/5 पर एक पार्षद प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा बिना पहचान पत्र के महिलाओं से वोट डलवाए जाने का आरोप लगा है. मामला तब सामने आया जब कुछ मतदाताओं ने शिकायत की कि उनके नाम पर पहले ही वोट डाले जा चुके हैं और उन्हें मतदान से वंचित कर दिया गया. शिकायत के बाद बूथ परिसर में मौजूद मतदाता आक्रोशित हो गए और हंगामा शुरू हो गया. सूचना मिलते ही सरायढेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और बूथ के अंदर मौजूद संदिग्ध लोगों को बाहर निकाला। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.

मतदाता पंकज पांडे का कहना है कि “बूथ संख्या 22/5 में बोगस वोटिंग की जा रही थी. बिना आईडी कार्ड के महिलाओं से वोट डलवाया जा रहा था. जब लोगों को पता चला कि उनकी वोटिंग पहले ही हो चुकी है तो हंगामा शुरू हो गया. पुलिस आई और लोगों को बाहर निकाला”. मतदाता मनीष कुमार ने कहा कि “एक पार्षद के समर्थक महिलाओं से दूसरे मतदाताओं की जगह वोटिंग करा रहे थे. जिन महिलाओं को वोट नहीं करने दिया गया, उनकी शिकायत पर लोगों ने विरोध किया. पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ”. फिलहाल बूथ पर मतदान प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी गई है और पुलिस बल तैनात है. प्रशासन पूरे मामले की जांच की बात कह रहा है.
इसे भी पढ़ें- गिरिडीह के बुलाकी रोड पर दो उम्मीदवारों के समर्थकों में झड़प, पुलिस ने खदेड़ा
इसे भी पढ़ें- धनबाद में मतदान के दौरान कई बूथों पर मारपीट, वोटिंग सेंटर पर ही भिड़ गये प्रत्याशी के समर्थक
इसे भी पढ़ें- पलामू में हाइटेक कंट्रोल रूम से मतदान केंद्रों पर नजर, डीआईजी, डीसी और एसपी ने किया निरीक्षण

