रांची में अमीषा प्रसाद की हिरासत के बाद कोतवाली थाना परिसर में हंगामा, भाजपा नेताओं का विरोध
अमीषा प्रसाद की हिरासत पर कोतवाली थाने में जमकर हंगामा हुआ. भाजपा नेताओं ने अमीषा के हिरासत का विरोध किया. प्रशांत कुमार की रिपोर्ट.

Published : August 22, 2026 at 8:51 PM IST
रांची: छात्र आंदोलन में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने वाली और संपूर्ण संकट मोचन फाउंडेशन की निदेशक अमीषा प्रसाद को रांची पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद शनिवार को कोतवाली थाना परिसर में जमकर हंगामा हुआ.
थाना में हुआ हंगामा
अमीषा को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे. देखते ही देखते थाने के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई. कार्यकर्ताओं ने अमीषा प्रसाद को हिरासत में लिए जाने को लेकर पुलिस से सवाल-जवाब किए और विरोध जताया. हंगामे की सूचना मिलने के बाद भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और रांची के भाजपा विधायक सीपी सिंह भी कोतवाली थाना पहुंचे. दोनों नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली.
पुतला दहन के दौरान हुए हंगामे से जुड़ा मामला
भाजपा विधायक सीपी सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से बताया गया कि अमीषा प्रसाद को पुतला दहन के दौरान हुए हंगामे के संबंध में पूछताछ के लिए थाना लाया गया था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे घटनाक्रम को लेकर अमीषा से जानकारी ली जा रही थी और मामले में उनकी भूमिका के संबंध में पूछताछ की जा रही थी. सीपी सिंह ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि पूछताछ के बाद अमीषा को घर भेज दिया जाएगा. हालांकि, अमीषा को हिरासत में लिए जाने की खबर फैलते ही मामला राजनीतिक रूप लेता गया. भाजपा कार्यकर्ताओं के थाने पहुंचने के बाद काफी देर तक विरोध और हंगामा चलता रहा. शनिवार देर शाम तक कोतवाली थाना परिसर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी बनी रही.

NGO संचालक भी हैं अमीषा प्रसाद
अमीषा प्रसाद छात्र आंदोलनों में सक्रिय रहने के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी काम करती हैं. वह संपूर्ण संकट मोचन फाउंडेशन की निदेशक हैं. छात्र मुद्दों को लेकर होने वाले आंदोलनों और कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है. इसी वजह से उनकी हिरासत की खबर सामने आने के बाद बड़ी संख्या में समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए.

देर शाम पुलिस ने छोड़ा
लगातार चले हंगामे और पूछताछ के बाद पुलिस ने देर शाम अमीषा प्रसाद को कोतवाली थाने से छोड़ दिया. हालांकि पुलिस ने उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया है. पुलिस के अनुसार, पुतला दहन के दौरान हुए पूरे घटनाक्रम की जांच के क्रम में अमीषा से आगे भी जानकारी ली जाएगी.
ये भी पढ़ें:

