UPPSC LT Grade Result 2025: जीव विज्ञान और अंग्रेजी प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी, 9954 अभ्यर्थी पास
जीव विज्ञान के 214 और अंग्रेजी के 657 पदों पर भर्ती होनी है. आयोग ने वेबसाइट पर सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी की.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 7:57 AM IST
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (LT Grade) परीक्षा 2025 के तहत जीव विज्ञान और अंग्रेजी विषय की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है.
आयोग की ओर से जारी परिणाम के अनुसार, दोनों विषयों में कुल 9,954 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है.
जीव विज्ञान में 2,789 अभ्यर्थी चयनित: जीव विज्ञान विषय में कुल 214 पदों के सापेक्ष 2,789 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं. इनमें पुरुष शाखा के 185 पद, महिला शाखा के 29 पद और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तहत विशिष्ट अध्यापक के 8 पद शामिल हैं.
इस विषय के लिए कुल 1,51,363 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 87,652 अभ्यर्थी 17 जनवरी को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए थे.
अंग्रेजी में 7,165 अभ्यर्थियों को सफल: अंग्रेजी विषय में कुल 657 पदों के लिए 7,165 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है. इनमें पुरुष शाखा के 540 पद, महिला शाखा के 113 पद और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अंतर्गत 4 विशिष्ट अध्यापक पद शामिल हैं.
अंग्रेजी विषय के लिए 1,11,264 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 59,530 अभ्यर्थियों ने 18 जनवरी को परीक्षा दी थी.
कट-ऑफ वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे: आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित न्यूनतम दक्षता मानक अंक प्राप्त न होने के कारण कुछ श्रेणियों में रिक्तियों के सापेक्ष 15 गुना अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सके हैं.
मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम और ऑनलाइन आवेदन से संबंधित दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे. अभ्यर्थियों के अंक और कट-ऑफ अंतिम परिणाम के बाद वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे. आयोग ने यह भी कहा है कि इस संबंध में RTI के तहत कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा.
यह भी पढे़ं: अगर SDM बन गए तो पहली प्राथमिकता क्या होगी? UPPSC पीसीएस इंटरव्यू में पूछे गए प्रश्न
यह भी पढ़ें: UPPSC LT Grade 2025: चार विषयों के प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम घोषित, यहां देखें रिजल्ट

