वॉलीबॉल चैंपियनशिप: UP की बेटियों ने क्वार्टर-फाइनल में किया प्रवेश, पुरुष टीम को रेलवे ने हराया
डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप, 5वें दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 10:31 AM IST
वाराणसी: डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम (सिगरा) में जारी 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के पांचवें दिन (गुरुवार) को उत्तर प्रदेश की महिला टीम ने इतिहास रच दिया. प्री क्वार्टर फाइनल में ओडिशा को हराकर यूपी की बेटियों ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया. वहीं, पुरुष वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में रेलवे ने उत्तर प्रदेश का सफर समाप्त कर दिया.
महिला वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में उत्तर प्रदेश और ओडिशा के बीच हर अंक के लिए संघर्ष हुआ. यूपी की आर्या ने शानदार 'बॉल सेट' किए. उनकी सटीक सेटिंग का पूरा फायदा काजल और प्रियंका जैसी अटैकर्स ने उठाया और ओडिशा के पाले में धुआंधार स्मैश की बौछार कर दी. डिफेंस में लिब्रो जान्सी ने अविश्वसनीय कलेक्शन दिखाए, जबकि नेट पर मीना और नीलू ने अपनी ब्लॉकिंग से प्रतिद्वंद्वी के हमलों को नाकाम कर दिया. ओडिशा की हार का मुख्य कारण उनका कमजोर बॉल पास और अंत में बिखरा हुआ तालमेल रहा. यूपी ने यह मुकाबला 3-1 (25-23, 27-25, 23-25, 25-23) से अपने नाम किया.
वहीं, पुरुष वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल क्वालीफाइंग में रेलवे ने उत्तर प्रदेश को 3-2 से शिकस्त दी. यूपी की ओर से रजनीश सिंह और शहीद आलम के पावरफुल शॉट्स और यूनिवर्सल सूर्यांश के ऑलराउंड प्रदर्शन ने रेलवे को मुश्किल में डाले रखा, लेकिन अंत में रेलवे ने बाजी मार ली. रेलवे के अटैकर रोहित, शाहिद व तनिष्क और ब्लॉकर संजय मलिक व शुभम के सामने यूपी का डिफेंस टिक नहीं सका. यूनिवर्सल रोहित के ऑलराउंड प्रदर्शन ने रेलवे की जीत सुनिश्चित की. वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी ने यूपी महिला टीम को 11000 का पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
दिग्गजों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह: 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के पांचवें दिन गुरुवार को राजनीति और खेल जगत के दिग्गजों का जमावड़ा लगा रहा. मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया. इस अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, उपाध्यक्ष सुरेश सिंह, एमएलसी अश्वनी त्यागी, जगदीश पटेल, एमएलसी धर्मेंद्र राय और भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह 'बबलू' ने खिलाड़ियों के खेल की सराहना की.
महिला वर्ग ( प्री क्वार्टर फाइनल)
- उत्तर प्रदेश बनाम ओड़िसा: ओड़िसा को 3-1 से हरा कर उत्तर प्रदेश जीता.
- तमिलनाडु बनाम हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश को 3-0 से हरा कर तमिलनाडु विजयी.
पुरुष वर्ग (प्री क्वार्टर फाइनल)
- केरला बनाम कर्नाटका: केरला ने कर्नाटका 3-0 से हराया केरला
- रेलवे बनाम उत्तर प्रदेश: रेलवे ने उत्तर प्रदेश को 3-2 से हराया
आज के क्वार्टर फाइनल मैच का शेड्यूल
पुरुष वर्ग
- दोपहर 12:00 बजे: हरियाणा बनाम रेलवे
- दोपहर 02:00 बजे: सर्विसेज बनाम राजस्थान
- शाम 04:00 बजे: झारखंड बनाम पंजाब
- शाम 06:00 बजे: तमिलनाडु बनाम केरल
महिला वर्ग
- दोपहर 12:00 बजे: केरल बनाम उत्तर प्रदेश
- दोपहर 02:00 बजे: पश्चिम बंगाल बनाम हरियाणा
- शाम 04:00 बजे: राजस्थान बनाम चंडीगढ़
- शाम 06:00 बजे: रेलवे बनाम तमिलनाडु
यह भी पढ़ें: नेशनल वॉलीबॉल टूर्नामेंट से चुने जाएंगे इंडियन टीम के खिलाड़ी; पूर्व कप्तान बोले- PM मोदी ने INDIA के खेलों को बढ़ाया
यह भी पढ़ें: वाराणसी में नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप; यूपी ने तेलंगाना को 3-0 से दी मात

