UP WEATHER: क्या होली में होगी बारिश?, क्या कहता है मौसम विभाग का अलर्ट, जानिए
बीते 24 घंटे में यूपी में कैसा रहा मौसम का हाल, मौसम विभाग का पूर्वानुमान जानिए.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 10:00 AM IST
वाराणसी: यूपी का मौसम एक बार फिर पलटी मार सकता है. इस बार यह पलटी मार्च के पहले सप्ताह यानी होली के आसपास हो सकती है. मौसम विभाग का अलर्ट तो यही कहता है. इस अलर्ट के मुताबिक यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है. आखिर इसके पीछे की वजह क्या है चलिए आगे जानते हैं.
मौसम विभाग ने क्या अलर्ट जारी किया: बता दें कि पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में मौसम सामान्य रहा है. सुबह के समय कुछ इलाकों में बहुत हल्का कोहरा पड़ा सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहा है. दिन के समय तेज धूप निकली थी. अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले सात दिनों तक उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है. फरवरी के अंतिम सप्ताह में गर्मी में और अधिक वृद्धि होगी. मौसम विभाग की मानें तो एक नया पश्चिमी बिक्षोभ 2 मार्च से सक्रिय हो रहा है जिसकी वजह से मार्च के पहले सप्ताह में बूंदाबांदी के आसार हैं. बता दें कि मार्च के पहले सप्ताह में होली 3 और 4 मार्च के बीच खेली जाएगी. इस दौरान बारिश का अलर्ट भी रहेगा. संभावना है कि होली के दौरान कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है.

हमीरपुर सबसे गर्म रहा: बुधवार को उत्तर प्रदेश का हमीरपुर जिला सबसे गर्म रहा जहां पर अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है वही सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य है.
मौसम वैज्ञानिक क्या बोले: मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि कोई मौसम तंत्र सक्रिय न होने के कारण उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है. आगामी 7 दिनों तक उत्तर प्रदेश में मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जाएगी. इससे फरवरी माह में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा. 2 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जो कि हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है.
ये भी पढे़ंः बनारस के 7 बूढ़े पेड़ जो 100 साल से ज्यादा पुराने, काशी विश्वनाथ मंदिर के पीपल का क्यों हो रहा खास ट्रीटमेंट? जानिए

