UP में चढ़ता तापमान ; आगरा में 32 डिग्री, लखनऊ से मेरठ तक गर्मी का चढ़ता पारा
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि कोई भी मौसम तंत्र सक्रिय होने के कारण उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 10:11 AM IST
|Updated : February 25, 2026 at 1:16 PM IST
लखनऊ: UP में गर्मी ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है. दिन में निकल रही तेज धूप ने अचानक तापमान बढ़ा दिया है. रात को भी अब ठंड का असर बहुत कम हो चुका है. सुबह का कोहरा लगभग गायब है. आने वाले 48 घंटे में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि कोई भी मौसम तंत्र सक्रिय होने के कारण उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है. इसकी वजह से अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है. आने वाले 48 घंटे के अंदर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि होने की संभावना है.
यूपी के आगरा जिले में मंगलवार को तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. यह सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है. वहीं, लखनऊ का तापमान 30 डिग्री और मेरठ का तापमान भी करीब 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
कैसा रहेगा लखनऊ का मौसम: राजधानी लखनऊ में मंगलवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा. तेज धूप खिली रही. अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
लखनऊ में अभी रात के समय हल्की ठंडक है. बाकी दिन भर तेज धूप के कारण गर्मी शुरू हो गई है. न्यूनतम तापमान भी 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ में सुबह से ही आसमान साफ रहेगा. तेज धूप के खिलेगी. अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
2 DAY'S WEATHER FORECAST AND WARNINGS OF UTTAR PRADESH DATED 24.02.2026 pic.twitter.com/eWVi81BIav
— मौसम केंद्र, लखनऊ - IMD Uttar-Pradesh (@CentreLucknow) February 24, 2026
फतेहपुर सबसे ठंडा: प्रदेश का फतेहपुर जिला सबसे ठंडा रहा. वहां पर न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान आगरा जिले में 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार कोई भी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ न होने के कारण मौसम शुष्क बना हुआ है. इसकी वजह से फरवरी महीने में ही गर्मी की आहट शुरू हो गई है. आने वाले 7 दिनों तक मौसम शुष्क ही बना रहेगा. अधिकतम तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है.
मेरठ में बढ़ रही गर्मी: मौसम वैज्ञानिक डॉ. पीके शाही ने बताया कि अगले 24 घंटे में मेरठ का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इस सप्ताह में तापमान में बढ़ोत्तरी की प्रबल संभावना बन रही हैं और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है.
मेरठ में सूर्योदय के साथ ही बीते दो दिन से कोहरे की हल्की सी चादर भी दिखाई देती है. हालांकि वह कुछ ही समय में बादलों में गुम हो जाती है. बुधवार को मेरठ का AQI 197 है.

