ETV Bharat / state

यूपी टी20 लीग चौथा सीजन; लखनऊ फाल्कन्स ने कानपुर सुपरस्टार्स को 13 रन से हराया

लखनऊ फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 160 रन बनाए.

यूपी टी20 लीग चौथा सीजन
यूपी टी20 लीग चौथा सीजन (Photo credit;ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : September 1, 2026 at 3:58 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

कानपुर: ग्रीनपार्क स्टेडियम में सोमवार को यूपी टी20 लीग में लखनऊ फॉल्कंस व कानपुर सुपरस्टार्स के बीच मैच खेला गया है. हिमांशु सिंह (43) व यशु प्रधान (40) की पारियों से लखनऊ फाल्कन्स ने कानपुर सुपर स्टार्स को 13 रनों से हरा दिया.

लखनऊ ने 160 रन बनाए: बारिश से बाधित इस मैच में कानपुर सुपरस्टार्स को डकवर्थ-लुइस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति का नियम लागू किया गया था. ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले जा रहे लीग के 28वें मैच में लखनऊ फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 160 रन बनाए.

जवाब में बारिश के कारण खेल रुकने तक कानपुर सुपरस्टार्स ने 10 ओवरों में चार विकेट पर 68 रन बनाए थे, पर तभी बारिश के चलते खेल रोक देना पड़ा और मैच फिर दोबारा शुरू नहीं हो सका. डीएलएस के तहत उस समय स्कोर 81 रन था और कानपुर 13 रन पीछे था. इस मैच में कानपुर सुपरस्टार्स ने लखनऊ फाल्कन्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था.

बारिश ने खलल डाला: लखनऊ फाल्कन्स की पारी के शुरुआती दौर में बारिश ने खलल डाला. एक ओवर में 10 रन बनने के बाद बारिश के कारण मुकाबला रोकना पड़ा. खेल दोबारा शुरू होने के बाद लखनऊ ने अपनी पारी आगे बढ़ाई.

पहले विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी की: इस मैच में लखनऊ की ओर से यशु प्रधान और हिमांशु सिंह ने पहले विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दी. यशु प्रधान ने 27 गेंदों पर आठ चौके की मदद से 40 रन बनाए. उन्हें आठवें ओवर की पहली गेंद पर शक्ति वर्मा ने क्लीन बोल्ड कर पवेलियन भेजा.

यूपी टी20 लीग चौथा सीजन;
यूपी टी20 लीग चौथा सीजन; (Photo credit;ETV Bharat)

हिमांशु सिंह ने भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों पर पांच चौके व दो छक्के लगाते हुए उम्दा 43 रन बनाए. इसी बीच आराध्य यादव चार रन बनाकर शुभम मिश्रा की गेंद पर सत्यम सांगू को कैच थमा बैठे. लखनऊ को तीसरा झटका 96 रन के स्कोर पर लगा जब हिमांशु सिंह को 13वें ओवर में यशोवर्द्धन की गेंद पर शुभम मिश्रा ने कैच लपककर पवेलियन वापस भेजा. अगले ओवर की पहली गेंद पर अजीत वर्मा (3) पवन सिंह की गेंद पर विकेटकीपर अभिषेक पाण्डेय को कैच थमा बैठे. कृतज्ञ कुमार सिंह ने 12 गेंदों पर 14 रन बनाए. उन्हें विनीत पंवार ने आउट किया.


इसके बाद प्रियम गर्ग ने ने 21 गेंदों पर एक चौके व तीन छक्कों की मदद से नाबाद 32 रन की तेजतर्रार पारी खेली. वहीं मैच में कप्तानी कर रहे विप्रज निगम ने आठ गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाकर नाबाद 18 रन बनाए. इसके चलते लखनऊ फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 160 रन बनाए.

यूपी टी20 लीग चौथा सीजन;
यूपी टी20 लीग चौथा सीजन; (Photo credit;ETV Bharat)
कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही: जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शीर्ष दो बल्लेबाज 20 रन के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए। प्रियांशु पांडेय खाता भी नहीं खोल सके. उन्हें दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर नवनीत कुमार ने एलबीडब्ल्यू आउट किया. अभिषेक पांडेय ने 10 रन बनाए. उन्हे नवनीत कुमार ने हिमांशु सिंह के हाथों कैच लपकवाकर आउट किया. आदर्श सिंह ने 13 गेंदों पर 11 रन बनाए. वह छठें ओवर की दूसरी गेंद पर कृष्ण कुमार सरोज की गेंद पर कृतज्ञ कुमार सिंह को कैच थमा बैठे.

टीम का चौथा विकेट समीर रिजवी (17) के रुप में गिरा जिन्हें विप्रज निगम ने क्लीन बोल्ड किया. कानपुर सुपरस्टार्स ने 10 ओवर में चार विकेट पर 68 रन बना लिए थे कि बारिश के चलते एक बार फिर खेल रोकना पड़ा. उस समय उसे जीत के लिए 60 गेंदों पर 93 रन की जरूरत थी.

यूपी टी20 लीग चौथा सीजन;
यूपी टी20 लीग चौथा सीजन; (Photo credit;ETV Bharat)

डीएलएस के अनुसार पार स्कोर 81 रन था और कानपुर 13 रन पीछे था. बारिश के कारण आगे खेल संभव नहीं होने पर लखनऊ फाल्कन्स को डीएलएस पद्धति से विजेता घोषित किया गया.

यह भी पढ़ें: यूपी टी20 लीग में आचार संहिता का उल्लंघन करना तीन खिलाड़ियों को पड़ा भारी, UPCA ने किया सस्पेंड

यह भी पढ़ें: यूपी टी20 लीग चौथा सीजन: मेरठ ने अंतिम गेंद पर काशी को हराया