UP T20 League: काशी रुद्रास की 56 रनों की धमाकेदार जीत, मेरठ मेवरिक्स को हराकर टॉप-4 की तस्वीर साफ
कानपुर में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास की जीत से तय हुईं प्लेऑफ की चार टीमें.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 10:40 AM IST
कानपुर: शहर के ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम में चल रही यूपी टी20 लीग के 29वें और बेहद अहम मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास ने टेबल-टॉपर्स मेरठ मेवरिक्स को 56 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. 40 अंतरराष्ट्रीय मैचों के इतिहास वाले कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में मिली इस धमाकेदार जीत के साथ ही यूपी टी 20 के चौथे सीजन के प्लेऑफ (टॉप-4) की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है.
लीग चरण की समाप्ति के बाद पॉइंट्स टेबल में मेरठ मेवरिक्स 15 अंकों के साथ शीर्ष पर रही, जबकि लखनऊ फाल्कन्स 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही. काशी रुद्रास और नोएडा किंग्स 10-10 अंकों के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल रहीं. वहीं, गोरखपुर लायंस और मेजबान कानपुर सुपरस्टार्स का सफर यहीं खत्म हो गया है.
करण शर्मा, वैभव जायसवाल और उपेंद्र यादव का तूफान: 'करो या मरो' के इस मुकाबले में काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया. सलामी बल्लेबाजों ने इस फैसले को सही साबित करते हुए 51 गेंदों में 75 रनों की मजबूत साझेदारी की. वैभव जायसवाल ने 24 गेंदों में तेज तर्रार 33 रन बनाए, जबकि कप्तान करण शर्मा ने 40 गेंदों में 57 रनों की कप्तानी पारी खेलकर ठोस नींव रखी. इसके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज उपेंद्र यादव ने मैदान पर उतरकर तबाही मचाई. उपेंद्र ने महज 29 गेंदों में 4 चौकों और पांच गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 57 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसके दम पर काशी रुद्राक्स ने 20 ओवर में चार विकेट पर 175 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.
मेरठ 119 पर ऑलआउट: 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मेवरिक्स की शुरुआत बेहद खराब रही. स्टार ओपनर स्वास्तिक चिकारा को कार्तिक यादव ने चार गेंदों के डक पर पवेलियन भेज दिया. कार्तिक यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए अपने चार ओवरों में महज 12 रन देकर 3 विकेट झटके और मेरठ के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया. इस मैच विनिंग प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. मेरठ के लिए दिव्यांश राजपूत (39 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वह 'हिट-विकेट' आउट हो गए. अगली ही गेंद पर ऋषभ राजपूत ने यश गर्ग को आउट किया. 17वें ओवर की पहली गेंद पर इम्पैक्ट प्लेयर संगम सिंह ने विकेट लेकर टीम की हैट्रिक (टीम हैट्रिक) पूरी की. ऋषभ राजपूत (3/13) और अटल बिहारी विपिन राय (दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के आगे मेरठ की पूरी टीम 19.2 ओवर में 119 रनों पर ढेर हो गई.
लखनऊ शिफ्ट हुए प्लेऑफ मुकाबले: यूपी टी 20 लीग के चेयरमैन डा.संजय कपूर ने बताया कानपुर में लगातार बारिश और गीले मैदान की परिस्थितियों को देखते हुए लीग प्रशासन ने प्लेऑफ के सभी मुकाबलों को लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शिफ्ट कर दिया है.
इसमें तीन सितंबर 2026 गुरुवार को क्वालिफायर वन के तहत मेरठ मेवरिक्स बनाम लखनऊ फाल्कन्सका मैच होगा जबकि एलिमिनेटर मैच में काशी रुद्रास व नोएडा किंग्स की टीमें आमने-सामने होंगी. इसी तरह चार सितंबर को क्वालिफायर 2 मुकाबले में क्वालिफायर वन की हारने वाली टीम और एलिमिनेटर की विजेता टीम भिड़ेंगी जबकि छह सितंबर को यूपी टी 20 लीग के चौथे सीजन का ग्रैंड फिनाले होगा. इसमें क्वालिफायर वन की विजेता टीम और क्वालिफायर टू की विजेता टीम आपस में विजेता बनने के लिए भिड़ेंगी.

