ETV Bharat / state

सीतापुर में सामूहिक विवाह, 530 जोड़ों ने लिए सात फेरे

मंत्री राकेश राठौर बोले, सामूहिक विवाह योजना समानता और सामाजिक समरसता का संदेश देती है.

up samuhik vivah sitapur 530 couples tie the knot
सीतापुर में सामूहिक विवाह, 530 जोड़ों ने लिए सात फेरे. (etv bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : September 3, 2026 at 8:40 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सीतापुर: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को आरएमपी इंटर कॉलेज में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में 530 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया.

नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना समाज में समानता और सामाजिक समरसता का संदेश देती है. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी भी परिवार की बेटी के विवाह में बाधा न बने. विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए सरकार की संवेदनशील पहल है.

सेवता विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है. यह योजना बेटियों के सम्मान और गरीब परिवारों के सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव ने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम सामाजिक एकता एवं समरसता का प्रतीक है.

सिधौली विधायक मनीष रावत ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिले. जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि शिवकुमार गुप्ता ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक तरीके से विवाह का अवसर उपलब्ध कराना है.

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थियों को शासन की मंशानुरूप लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा आयोजन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए. कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, जिला विकास अधिकारी एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.


योजना के तहत प्रत्येक दंपति के विवाह पर एक लाख रुपए खर्च किए गए. इसमें से 21,000 रुपए की धनराशि सामग्री के लिए तथा 64,000 रुपए वधू के खाते में हस्तांतरित किए जाने का प्रावधान है. इसके अतिरिक्त आयोजन की व्यवस्था के लिए प्रति जोड़े पर 15,000 रुपए की धनराशि व्यय की गई.


कार्यक्रम में विभिन्न विकास खंडों से चयनित जोड़ों ने सहभागिता की. बिसवां से 79, हरगांव से 70, सिधौली से 59, महमूदाबाद से 54, परसेंडी से 47, लहरपुर एवं रामपुर मथुरा से 44 - 44, सकरन से 35, मिश्रिख से 26, पहला से 20, महोली से 17, बेहटा से 14, गोंदलामऊ से 12, मिश्रिख नगर पंचायत से सात तथा बिसवां नगर पालिका से दो जोड़ों सहित कुल 530 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया.


ये भी पढ़ेंःपूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO