ETV Bharat / state

होली पर रोडवेज की खास तैयारी; जिस रूट पर यात्रियों की ज्यादा भीड़, चलेंगी अतिरिक्त बसें, चालकों को प्रोत्साहन राशि

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दिए निर्देश, कहा-शत-प्रतिशत निगम बसों को ऑनरोड किया जाए.

होली पर रोडवेज की तैयारी.
होली पर रोडवेज की तैयारी. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 24, 2026 at 5:41 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने होली स्पेशल बसों को लेकर कहा कि गाजियाबाद/दिल्ली और पश्चिमी क्षेत्रों से लोग ज्यादा यात्रा करते हैं. इसे ध्यान में रखकर इन क्षेत्रों में बसों और कर्मचारियों की संख्या आवश्यकतानुसार निर्धारित करते हुए पहले से ही तैयारी कर ली जाए. प्रारम्भिक प्वाइंट से 60 प्रतिशत यात्री लोड मिलता है तो सभी पूर्वी क्षेत्र के अधिकारी होली पर्व अवधि में अतिरिक्त सेवाओं के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करें. शत-प्रतिशत निगम बसों को ऑनरोड किया जाए व निरंतर चलाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. पर्व अवधि में अनुबंधित बसों को अवकाश न दिया जाए.

वाहन स्वामी अपने वाहनों का मरम्मत कार्य कराकर संचालन के लिए अपनी बसें उपलब्ध कराएं. प्रवर्तन दल क्षेत्र में ड्यूटी पर उपलब्ध रहें और चालकों/परिचालकों का ब्रेथ एनलाइजर टेस्ट करें, जिससे यात्रियों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध हो. बसों के कल-पुर्जे, खिड़कियों के शीशे लगे होने के साथ सीटों की स्थिति अच्छी होनी चाहिए, साथ ही फायर सेफ्टी उपकरण भी बसों में मौजूद हों.

परिवहन मंत्री ने कहा कि पर्व अवधि में ऐसे चालक और परिचालक जिसमें संविदा और आउटसोर्सिंग चालक-परिचालक शामिल होंगे, को निर्धारित औसत किमी. का संचालन करने पर 360 प्रतिदिन की दर से एकमुश्त 3600 रुपये विशेष प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा. इन्हें प्रोत्साहन अवधि में औसतन 300 किलोमीटर प्रतिदिन संचालन करना होगा. अगर ऐसे कर्मचारी 10 दिन की प्रोत्साहन अवधि तक कुल डयूटी करते हैं और निर्धारित किलोमीटर के उपरोक्त मानक को पूरा करते हैं तो 450 रुपए प्रतिदिन की दर से 4500 रूपये प्रोत्साहन देय होगी.

उपरोक्त निर्धारित मानक से अधिक किलोमीटर अर्जित करने पर अतिरिक्त किलोमीटर पर प्रति किलामीटर 55 पैसे का अतिरिक्त मानदेय दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि पर्व अवधि में 10 दिन लगातार ड्यूटी करने वाले डिपो कार्यशाला और क्षेत्रीय कार्यशाला में कार्यरत कार्मिक जिसमें आउटसोर्स कर्मी भी शामिल हैं, को एकमुश्त 2100 रुपये प्रदान किया जाएगा. इस अवधि में नौ दिन की ड्यूटी करने वाले कार्मिकों को एक मुश्त 1800 रुपये प्रदान किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि प्रोत्साहन अवधि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों/उपाधिकारियों को क्षेत्रीय समिति की संस्तुति के अनुसार प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के लिए सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को 10 हजार रूपये और सेवा प्रबंधकों को 5000 रूपये की राशि भी दी जाएगी. सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक डिपो को 50 रुपए प्रति निगम और अनुबंधित बस के आधार पर आगणित धनराशि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों/उपाधिकारियों में वितरित करेंगे.

31 बिंदुओं पर जांच के बाद ही डिपो से बाहर निकलें बसें

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह ने परिवहन निगम मुख्यालय पर वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से सभी क्षेत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को होली स्पेशल बसों के संचालन को लेकर निर्देश दिए. प्रबंध निदेशक ने बैठक में बसों की संचालन व्यवस्था, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ-साथ विशेष परिवहन व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने होली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर अतिरिक्त बसों का संचालन, सुचारु यातायात व्यवस्था, चालक-परिचालकों की सतर्कता और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक व प्रवक्ता अमरनाथ सहाय के मुताबिक, प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह ने कहा कि सभी वाहनों की नियमानुसार 13 और 31 बिंदुओं पर नियमित और अनिवार्य जांच सुनिश्चित की जाए, जिससे बसों की तकनीकी स्थिति सुदृढ़ रहे और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित हो सके. उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त सभी चालकों और परिचालकों को प्रत्येक निर्धारित स्टॉप पर बस को अनिवार्य रूप से रोककर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाएं, जिससे यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित हो सके. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. बसों से सुरक्षित यात्रा कराना हमारी जिम्मेदारी है.

यह भी पढ़ें: अतीक-अशरफ का अंत, फिर भी खौफ के साये में क्यों है उमेश पाल का परिवार?