रामपुर में मोबाइल टावर ही उड़ा ले गए चोर, जानें क्या हुआ चोरों का
पूरे 50 मीटर लंबे मोबाइल कंपनी के टावर की चोरी का ये मामला इस तरह का पहला मामला बताया जा रहा है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 4, 2026 at 2:29 PM IST
रामपुर: रामपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां इस बार चोरी किसी बाइक, कार या घर में नहीं, बल्कि पूरे 50 मीटर लंबे मोबाइल कंपनी के टावर की कर ली गई. बता दें कि मोबाइल कंपनी का टावर चोरी होने का ये पहला मामला बताया जा रहा है.
मामला थाना सिविल लाइंस क्षेत्र का है. 25 फरवरी 2026 को GTL इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी की ओर से थाना सिविल लाइंस में लिखित तहरीर दी गई, जिसमें बताया गया कि अज्ञात चोरों ने 50 मीटर ऊंचा टावर, 160 केएमपीएच शेल्टर और टावर का अन्य सामान चोरी कर ले गए. इस संबंध में कोतवाली सिविल लाइंस में मुकदमा दर्ज किया गया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामपुर के पुलिस अधीक्षक ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना सिविल लाइंस पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाई और घटना का सफल अनावरण किया.
जांच के दौरान पुलिस ने 2 अभियुक्तों इमरान और रिजवान अली को गिरफ्तार किया. इनके पास से चोरी हुआ सामान भी बरामद किया है, जिसमें 100 एंगल लोहे के टुकड़े, 6 सीढ़ी लोहा और 12 एंगल कनेक्टर लोहा शामिल हैं.
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि मोबाइल कंपनी का टावर चोरी होने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की और माल सहित 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे.
यह भी पढ़ें: रायबरेली में ग्रामीणों ने चोर को पकड़कर किया पुलिस के हवाला; 17 केसों में था वांटेड

