ETV Bharat / state

UP के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने अखिलेश को दी नसीहत; बोले- लोकतंत्र में ऐसी भाषा उचित नहीं

संजय निषाद ने कहा कि देश लोकतंत्र और कानून के आधार पर चलता है. देश का पैसा जनता का पैसा है.

UP के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने अखिलेश को दी नसीहत.
UP के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने अखिलेश को दी नसीहत. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 8:58 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बरेली: यूपी के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने अखिलेश यादव पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अखिलेश यादव जैसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उचित नहीं है. हाल ही अखिलेश यादव ने कहा था कि भाजपा डकैती कर रही है. संजय निषाद ने बरेली में एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश को जवाब दिया है.

संजय निषाद ने कहा कि देश लोकतंत्र और कानून के आधार पर चलता है. देश का पैसा जनता का पैसा है. इसके उपयोग की निर्धारित व्यवस्था है. उन्होंने कहा कि संसाधनों का संचालन कानून और नियमों के तहत होता है, इसलिए राजनीतिक लाभ के लिए इस प्रकार के आरोप लगाना सही नहीं है. उन्होंने विपक्ष से जिम्मेदार बयान देने की अपील भी की.

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से जुड़े कानूनी मामले पर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने संतुलित रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप कोई भी लगा सकता है, लेकिन जब मामला न्यायालय में विचाराधीन हो तो उस पर सार्वजनिक टिप्पणी करना ठीक नहीं होता है. कानून अपना काम करता है और सभी को न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए.

इस दौरान मंत्री ने प्रस्तावित मीन महोत्सव के बारे में भी जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों का प्रसार, मत्स्य उद्यमिता को बढ़ावा देना और मत्स्य पालकों की आय बढ़ाना है.

कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 1000 मत्स्य पालकों की सहभागिता प्रस्तावित है, जबकि 50 से अधिक कंपनियां अपने स्टॉल लगाकर आधुनिक उपकरण, फिश फीड, हैचरी तकनीक, प्रोसेसिंग यूनिट और एक्वा फार्मिंग से जुड़ी नई तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी. मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य मत्स्य पालकों को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आय में ठोस वृद्धि सुनिश्चित करना है.

यह भी पढ़ें: आशुतोष ब्रह्मचारी ने शंकराचार्य पर फोड़ा 'विदेशी फंडिंग' का बम; कहा- बटुकों को VVIP को भी सौंपते थे