पुलिस भर्ती में जनरल कैटेगरी की आयु सीमा बढ़ाने को बीजेपी MLA ने CM योगी को लिखी चिठ्ठी
देवरिया सदर के विधायक ने सीएम से की हस्तक्षेप की मांग, 31 दिसंबर को 32,679 सिपाहियों की भर्ती का नोटिफिकेशन जारी हुआ था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 1:30 PM IST
|Updated : January 3, 2026 at 2:48 PM IST
लखनऊ: शीतकालीन सत्र के दौरान भारतीय जनता पार्टी के ब्राह्मण विधायकों की बैठक को लेकर चर्चा में आए देवरिया सदर के विधायक पूर्व पत्रकार शलभमणि त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक चिट्ठी लिखी है. शलभमणि त्रिपाठी ने इस चिट्ठी में सीएम से अपील की है कि हाल ही में पुलिस भर्ती की जो अधिसूचना की गई है, उसमें सवर्ण जातियों (General Category) के लिए आयु सीमा को बढ़ाया जाए.
यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने 31 दिसंबर को करीब 32,679 सिपाहियों की भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया. यह भर्ती सिविल पुलिस, पीएसी, स्पेशल सुरक्षा बल (SSF), महिला बटालियन, घुड़सवार पुलिस और जेल वार्डन जैसे विभिन्न पदों के लिए है. युवाओं के लिए ये नए साल का शानदार तोहफा माना जा रहा है, क्योंकि इससे पहले साल 2025 में ही 60,244 पदों पर भर्ती हो चुकी है. दूसरी ओर सोशल मीडिया पर भर्ती में जनरल कैटेगरी के लिए आयु केवल 18 से 22 साल होने पर विरोध शुरू हो गया है. मांग की जा रही है किया आयु सीमा 18 से 25 साल हो जाए क्योंकि अन्य पिछड़ा वर्ग एससी-एसटी के लिए आयु सीमा 25 साल से भी अधिक है.

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से जारी नोटिफिकेशन में बताया गया है कि इस भर्ती में कुल 32,679 पद शामिल हैं. इनमें सिविल पुलिस के लिए 10,469 पद (महिला और पुरुष दोनों के लिए), पीएसी में पुरुषों के लिए 15,131 पद, यूपी एसएसएफ में पुरुषों के लिए 1,341 पद और अन्य विभागों में बाकी पद हैं. यह भर्ती सीधी भर्ती के तहत हो रही है, जिसमें लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और अन्य चरण शामिल होंगे. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 31 दिसंबर 2025 से शुरू हो गई है और यह 30 जनवरी तक चलेगी.
इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in या upprpb.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं. आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) जरूरी है. फीस जमा करने की अंतिम तिथि भी 30 जनवरी 2026 है, जबकि फीस समायोजन 2 फरवरी 2026 तक हो सकेगा. आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी के अभ्यर्थियों को 500 रुपये देने होंगे. वहीं एससी और एसटी वर्ग के लिए यह शुल्क 400 रुपये रखा गया है.
शैक्षिक योग्यता के लिए अभ्यर्थी को किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है. आवेदन के समय यह योग्यता पूरी होनी चाहिए. इसके अलावा कुछ अतिरिक्त योग्यताएं भी मददगार साबित होंगी, जैसे DOEACC या NIELIT से कंप्यूटर में ओ लेवल या उससे ऊपर का सर्टिफिकेट, प्रादेशिक सेना में कम से कम दो साल की सेवा या एनसीसी का बी प्रमाण-पत्र. इनके आधार पर समान अंकों वाली स्थिति में प्राथमिकता मिल सकती है, हालांकि अतिरिक्त अंक नहीं दिए जाते.
आयु सीमा को लेकर विवाद: भर्ती में सबसे ज्यादा चर्चा आयु सीमा को लेकर हो रही है. पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम 22 साल रखी गई है. यानी 1 जुलाई 2025 तक अभ्यर्थी ने 18 साल पूरे कर लिए हों और 22 साल से अधिक न हो. इसका मतलब जन्म 2 जुलाई 2003 से पहले और 1 जुलाई 2007 के बाद नहीं होना चाहिए. महिला अभ्यर्थियों के लिए यह सीमा 18 से 25 साल है, यानी जन्म 2 जुलाई 2000 से पहले और 1 जुलाई 2007 के बाद नहीं. आरक्षित वर्गों (ओबीसी, एससी, एसटी) को शासन के नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी, जो सामान्यतः 5 साल तक होती है. देवरिया से भारतीय जनता पार्टी के विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है और उन्होंने लिखा है कि उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती आमंत्रित की गई है सामान्य वर्ग के लाखों युवाओं की पूरी निष्ठा और परिश्रम के साथ इन भर्तियों में शामिल होना चाहते हैं. वह अवसर से वंचित हो सकते हैं.
ये युवा सालों से कठिन परिश्रम करते हुए शारीरिक मानसिक और शैक्षणिक रूप से स्वयं को तैयार करते रहे हैं. परंतु पुलिस भर्ती प्रक्रिया में उनके शामिल होने की आशाएं कम हो रही हैं. इसलिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए कम से कम 3 साल की छूट आयु सीमा में जरूर दे दी जाए. सामान्य वर्ग के लिए 22 साल की अधिकतम सीमा को लेकर सोशल मीडिया पर जोरदार विरोध शुरू हो गया है. कई संगठनों और अभ्यर्थियों का कहना है कि अधिकांश राज्यों में पुलिस भर्ती के लिए सामान्य वर्ग की आयु सीमा 18 से 25 वर्ष होती है. उत्तर प्रदेश में इसे 22 वर्ष करना युवाओं के साथ अन्याय है. यूजर्स ने लिखा कि इससे लाखों मेहनती छात्र अवसर से वंचित हो रहे हैं और मानसिक रूप से परेशान हैं. उनकी मांग है कि सामान्य वर्ग के लिए भी आयु सीमा 18 से 25 वर्ष की जाए, ताकि सभी को समान मौका मिले.
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती होंगे 4543 दरोगा; आज से ऑनलाइन आवेदन शुरू, 11 सितंबर है लास्ट डेट, पढ़िए डिटेल

