ETV Bharat / state

पीलीभीत में खेत की रखवाली कर रहे किसान पर बाघ का हमला, जंगल में मिला अधखाया शरीर

दोपहर से ही गायब था किसान, जिले में इससे पहले भी जंगली जानवरों के हमले की हो चुकी हैं घटनाएं.

Photo Credit; ETV Bharat
पीलीभीत में किसान को खा गया बाघ. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : November 12, 2025 at 12:38 PM IST

|

Updated : November 12, 2025 at 7:02 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पीलीभीत/बलरामपुर: जिले में बाघ का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. पूरनपुर थाना क्षेत्र के गांव नवदिया निवासी छोटेलाल को बाघ ने हमला कर मार डाला और शरीर के आधे हिस्से को खा गया. छोटेलाल किसान था और मंगलवार को गेहूं के खेत की रखवाली के लिए निकला था. इसके बाद दोपहर से ही गायब था. जिसके बाद से परिजन उनकी तलाश कर रहे थे. वहीं बलरामपुर में वन्य जीव ने एक अधेड़ को अपना निवाला बना लिया.

घटना बुधवार सुबह गांव पताबोझी के पास की है. पीलीभीत टाइगर रिजर्व की बराही रेंज की भुड्डा चौकी से लगभग 100 मीटर दूर जंगल में छोटेलाल का शव बरामद हुआ. शव मिलने के बाद से इलाके में भारी दहशत फैल गई. वहां काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटना स्थल पर पहुंची. किसान का शव अधखाया था. अनुमान यही है कि बाघ ने छोटेलाल पर हमला किया और उसे घसीटकर जंगल में ले गया.

मौके पर जुटे ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में बाघ लगातार हमले कर रहा है और वन विभाग इस पर नियंत्रण नहीं लगा पा रहा है. किसान की मौत के बाद से इलाके के लोग अपने खेतों पर जाने से भी डर रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है. वहीं पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि वन्यजीव के हमले की जानकारी विभाग को मिली है. अभी बाघ की खोज-बीन की जा रही है.

बता दें कि पीलीभीत के साथ ही बहराइच में भी जंगली जानवरों का आतंक बना हुआ है. यहां बीते 9 सितंबर से शुरू हुए भेड़िए के हमले में अब तक 5 मासूमों व एक दंपत्ति की मौत हो चुकी है. 36 से अधिक लोग इनके हमले में घायल हो चुके हैं. जबकि सर्च ऑपरेशन के दौरान 4 भेड़ियों को गोली मारी जा चुकी है. इसके साथ ही तेंदुए की दहशत भी इलाके में लगातार बनी हुई है.

बलरामपुर में वन्य जीव ने अधेड़ को बनाया निवाला: जिले के सोहेलवा वन क्षेत्र के भाभर रेंज के पिपरा सड़वा गांव निवासी, विकाई लाल गौतम (45) रविवार को गांव के जंगल की तरफ गए थे. मंगलवार की शाम को जब परिजन गांव वालों के साथ विकाई लाल की तलाश कर रहे थे तभी एक शव छत विक्षत अवस्था में दिखा जिसे बाघ खा रहा था. शोर मचाने पर बाघ शव को छोड़कर जंगल में भाग गया.

तुलसीपुर पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रभागीय वनाधिकारी गौरव गर्ग ने बुधवार को बताया प्रथम दृष्टया तेंदुए के हमले से मौत होने की संभावना है. मामले की जांच कराई जा रही है.

यह भी पढ़ें: यूपी के टाइगर रिजर्व में झाड़ी से अचानक निकला बाघ; वाहन पर बैठा परिवार घबराया, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा खतरा

Last Updated : November 12, 2025 at 7:02 PM IST