मेरठ IIMT में 3 दिवसीय मेगा जॉब फेयर शुरू; 1169 युवाओं को कम्पनियों ने किया शॉर्टलिस्ट
मेरठ के आईआईएमटी इंस्टीट्यूट में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा तीन दिवसीय रोजगार महाकुंभ की शुरुआत हुई.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 11:41 AM IST
|Updated : February 24, 2026 at 8:37 PM IST
मेरठ: मेरठ के आईआईएमटी इंस्टीट्यूट में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा तीन दिवसीय रोजगार महाकुंभ की शुरुआत हुई. इस मेले के पहले ही दिन विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने कुल 1169 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया है. चयनित युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार 10 हजार रुपये से लेकर 28 हजार रुपये प्रतिमाह तक का वेतन ऑफर किया गया है. उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए इस रोजगार मेले को लेकर स्थानीय युवक-युवतियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थी: निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में साक्षात्कार देने के लिए शहर और ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे. क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशि भूषण उपाध्याय ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पहले दिन 50 से अधिक कंपनियां शामिल हुईं. मंगलवार को कुल 2006 अभ्यर्थियों ने अलग-अलग पदों के लिए अपना साक्षात्कार दिया. चयन प्रक्रिया के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक पार करते हुए 1169 युवाओं ने अपनी जगह पक्की की.

सांसद अरुण गोविल ने किया शुभारंभ: इस तीन दिवसीय आयोजन के माध्यम से चयन और साक्षात्कार की प्रक्रिया 25 और 26 फरवरी को भी जारी रहेगी. कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मेरठ के सांसद अरुण गोविल ने फीता काटकर किया. इस दौरान नौकरी की तलाश में आए युवाओं की भीड़ ने साबित किया कि निजी क्षेत्र में रोजगार की काफी संभावनाएं हैं. सहायक निदेशक ने स्पष्ट किया कि मेले में भाग लेने वाले सभी युवाओं का 'रोजगार संगम पोर्टल' पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराया गया.
युवाओं को मिला सफलता का मंत्र: यह रोजगार महाकुंभ आगामी 25 एवं 26 फरवरी 2026 को भी पूरे जोश के साथ जारी रहेगा. मुख्य अतिथि सांसद अरुण गोविल ने युवाओं को चुनौतियों से लड़ने और एक सशक्त व्यक्तित्व विकसित करने का मार्ग दिखाया. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानें और उसे निखारें. साथ ही उन्होंने कंपनियों के एचआर प्रतिनिधियों से चयनित अभ्यर्थियों को अनिवार्य रूप से नियुक्ति देने का आग्रह किया.
अधिकारियों ने की पहल की सराहना: सांसद ने समय-समय पर ऐसे रोजगार मेलों के आयोजन के लिए सेवायोजन विभाग के प्रयासों की सराहना की. विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने पुष्टि की कि जॉब फेयर में विभिन्न पदों के लिए आकर्षक सैलरी पैकेज दिए जा रहे हैं. युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है जहाँ वे एक ही छत के नीचे कई बड़ी कंपनियों से मिल सकते हैं. फिलहाल प्रशासन और विभाग अगले दो दिनों में और भी अधिक नियुक्तियों की उम्मीद कर रहे हैं.
यह जॉब फेयर 24 से 26 फरवरी तक चलेगा. हजारों युवाओं को प्राइवेट सेक्टर की कम्पनियों में नौकरी मिल सकती है. इसके लिए सिर्फ 10वीं पास लोग तक एप्लाई कर सकते हैं. क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के तरफ से IIMT यूनिवर्सिटी कैंपस में ये रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है.
आ रही इन सेक्टर से जुड़ी कंपनियां: क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशिभूषण उपाध्याय ने बताया कि प्राइवेट सेक्टर कंपनी इंटरव्यू के माध्यम से नौकरियां देगा. सहायक निदेशक ने बताया कि इस जॉब फेयर में आज पहले दिन हेल्थ, आईटी, हर्बल, एचआर, इलेक्ट्रिकल, शिक्षा से जुड़ी अलग अलग कंपनियों के प्रतिनिधि इंटरव्यू लेंगे. पहले दिन 50 से अधिक कम्पनियों के पहुंचने की उम्मीद है.
ऐसे कराएं रजिस्ट्रेशन: जो भी अभ्यार्थी अपने लिए नौकरी खोज रहे हैं, उनके लिए जरूरी है कि रोजगार संगम पोर्टल पर उनका पंजीकरण होना चाहिए. लेकिन अगर अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो, जहां ये मेगा जॉब फेयर लगाया जा रहा है, वहां कैंपस में आकर भी ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. इसी के साथ रोजगार मेले में 18 से 35 साल के युवा प्रतिभाग कर सकते हैं.
इन कंपनियों में हायरिंग: आज श्रीराम पिस्टन एण्ड रिंग्स, क्वेस कॉरपोरेशन, यशस्वी, पुखराज हेल्थ केयर, जे०एम०एस० एन्टरप्राईजेज, द ब्लू हेवन ग्रुप ऑफ कम्पनी, एल०आई०सी० मेरठ, भारत फाईनेन्स, अरनव इन्फो, ए०के०एस० जॉब प्लेसमेन्ट, जैन क्लीन टैक प्रा०लि०, निमया हर्बल प्रा०लि०, ड्रीम लाईन एन्टरप्राईजेज, नियोक्ता एच०आर० सोल्यूशन, एस०ए० एन्टरप्राईजेज, डाक्टर रेड्डी फाउण्डेशन, सिस्का इलैक्ट्रिकलस, क्लाईमा टीजर्स इन्जी०, यूरेका सिक्योर सर्विस, कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ वर्टिकल ट्रान्सपोर्टेशन, भारती एयरटेल , जमेटो , इन्टेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर , वैष्णवी इन्टीग्रेटेड, ए०आर० सर्विस, श्री गणेश एच०आर० सोल्यूशन, डिक्सन टेक्नोलॉजीस इण्डिया लिमिटेड आदि कम्पनियों के प्रतिनिधि, कंपनी के लिए योग्य अभ्यर्थी का चयन करेंगे.
यह भी पढ़ें: यूपी में इस दिन रोजगार महाकुंभ; 12 हजार भर्तियां, सैलरी 50 हजार तक, जानिए कैसे करें आवेदन

