फिरोजाबाद में चूड़ी जुड़ाई के दौरान आग की चपेट में आई महिला
घर वालों ने शोर सुनकर तुरंत आग बुझाने की कोशिश की. लेकिन महिला गंभीर रूप से झुलस चुकी थी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 9:59 AM IST
फिरोजाबाद: फिरोजाबाद जिले में चूड़ी उद्योग से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. मंगलवार की रात आजाद नगर क्षेत्र में घर पर चूड़ी जुड़ाई का काम करते समय 30 साल की ज्योति देवी की आग की चपेट में आने से मौत हो गई.
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मृतका अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई है, जिनके सिर से मां का साया उठ गया.
ऐसे हुआ हादसा: मृतका के पति राजीव शंखवार के अनुसार, ज्योति देवी घर में बर्नर (लो) की मदद से चूड़ियों को जोड़ने का काम कर रही थीं. रोजमर्रा की तरह वह अपने काम में लगी थीं कि अचानक बर्नर की लौ से उनके कपड़ों में आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते लपटों ने उन्हें पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया.
परिजनों ने शोर सुनकर तुरंत आग बुझाने की कोशिश की. किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ज्योति गंभीर रूप से झुलस चुकी थी.
अस्पताल ले जाते समय मौत: घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में ये हादसा प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ज्योति देवी के 3 छोटे बच्चे थे जिनका रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि चूड़ी उद्योग से जुड़े काम में अक्सर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होते, जिससे इस तरह के हादसे हो जाते हैं.
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल: फिरोजाबाद चूड़ी उद्योग के लिए देशभर में जाना जाता है, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं घरों पर ही बर्नर की मदद से चूड़ी जुड़ाई का काम करती हैं, लेकिन इस काम के दौरान आग से बचाव के पर्याप्त साधन न होने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं. इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
थाना प्रभारी लाइनपार रमित आर्य का कहना है कि एक महिला की चूड़ी के काम करने के दौरान जलने से मौत हुई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पीएम रिपोर्ट आने के बाद, आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: घर में लगी आग से परिवार के 6 लोग जिंदा जले; दो जुड़वा बहनों सहित 5 बच्चों और मां की मौत

