ETV Bharat / state

यूपी में 2 से 5 डिग्री तक लुढ़का पारा, जाड़े का एक्शन शुरू, कानपुर सबसे ठंडा; जानिए मौसम का हाल

कई जिलों में कोहरे का कहर तेज, 300 से 400 तक की दृश्यता, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट.

Photo Credit; ETV Bharat
जानिए यूपी के मौसम का हाल (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : November 27, 2025 at 11:37 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सर्दी के साथ-साथ कोहरे में भी वृद्धि हुई है जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से लेकर 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गए हैं. वहीं सुबह के समय पड़ने वाले कोहरे में भी वृद्धि होने से न्यूनतम दृश्यता 300 से 400 मीटर तक पहुंच गई है. तापमान में कमी होने और कोहरा अधिक पड़ने के कारण सुबह और रात के समय यातायात के साधनों पर भी बुरा असर पड़ रहा है. जहां कोहरा अधिक होने के कारण सड़क मार्ग पर यातायात धीरे-धीरे चलने को मजबूर हैं. वहीं हवाई यात्रा में भी ब्रेक लगा है, बता दें कोहरे के कारण विमान सेवाएं 1 से 2 घंटे तक लेट हो रही हैं.

इन दस जिलों में लुढ़का पारा: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी होने के साथ ही कोहरे में वृद्धि होगी. जिससे कड़ाके की ठंडक पड़ने के आसार हैं. उत्तर प्रदेश के 10 से अधिक जिलों बाराबंकी, कानपुर नगर, इटावा, अमेठी, शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, मेरठ, आजमगढ़, अयोध्या, सुल्तानपुर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया है. सुबह तथा रात के समय पड़ने वाली गुलाबी ठंडक में अब वृद्धि हो रही है. वहीं दिन के समय गुनगुनी धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है. बुधवार सुबह बरेली में 400 मीटर की न्यूनतम दृश्यता के साथ मध्यम कोहरा जबकि आगरा, अयोध्या, वाराणसी, अलीगढ़, अमेठी एवं प्रयागराज में हल्का कोहरा दर्ज किया गया.


लखनऊ में रात सबसे ठंडी: राजधानी लखनऊ में बुधवार को सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा छाया रहा. दिन में आसमान साफ रहा, गुनगुनी धूप खिली. अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है.


लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरूवार यानी आज सुबह-शाम के समय हल्की धुंध और कोहरा छाया रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेंगे और धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

लखनऊ का लालबाग सबसे प्रदूषित: ठंडक व कोहरे की शुरुआत के समय प्रदूषण भी तेजी से बढ़ रहा है. दिल्ली से सटे इलाके गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, मेरठ, ग्रेटर नोएडा, के आसपास के क्षेत्र में एयर क्वालिटी इंडेक्स बेहद खराब स्तर पर पहुंच चुका है. यहां पर एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 से 400 के आसपास है. राजधानी लखनऊ के लालबाग क्षेत्र की हवा भी काफी खराब है, जहां पर एयर क्वालिटी इंडेक्स 270 के आस-पास रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा तालकटोरा क्षेत्र में 212 तथा अन्य जगहों पर 200 से नीचे है.

कानपुर नगर सबसे ठंडा : उत्तर प्रदेश का कानपुर नगर बुधवार को सबसे ठंडा जिला रहा. जहां पर न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं सबसे अधिकतम तापमान बहराइच जिले में 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है.

यूपी में चल रही उत्तरी पश्चिमी शुष्क हवाएं ठंडक में वृद्धि कर रही हैं. जिसकी वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में प्रभावी कमी दर्ज की गई है. सुबह व शाम के समय कोहरा पड़ रहा है. आने वाले दिनों में मौसम ऐसा ही बना रहेगा.- मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह


यह भी पढ़ें: यूपी में सर्द मौसम और कोहरे का फिर अटैक, 24 घंटे में बाराबंकी-कानपुर सबसे ठंडे, जानिए आज का मौसम कैसा रहेगा