ETV Bharat / state

स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट मोड पर यूपी के अस्पताल, सीएम योगी ने दिए ये निर्देश

प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों की नियमित समीक्षा के दिशा-निर्देश दिए गए.

up hospitals on alert over swine flu cm yogi issues these directives.
सीएम योगी ने दिए ये निर्देश. (etv bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 29, 2026 at 8:19 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वाइन फ्लू की स्थिति को लेकर अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के स्वास्थ्य विभाग, जिलाधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्वाइन फ्लू को लेकर लगातार निगरानी रखने और मेडिकल अरेंजमेंट करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों की रेगुलर समीक्षा की जाए. इसमें बिल्कुल लापरवाही न बरती जाए. मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं.


कहा कि सभी संबंधित अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, आवश्यक दवाएं, जांच किट, उपचार और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें जिससे आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके. सीएम योगी ने जिलाधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं.


साथ ही स्वाइन फ्लू की स्थिति में किसी भी संभावित बदलाव की जानकारी तत्काल शासन में उच्च स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश वासियों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज न करें. किसी को घबराने की जरूरत नहीं है. लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लें और आवश्यक जांच कराएं. समय पर जांच और उपचार से बीमारी के गंभीर प्रभावों को रोका जा सकता है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न हो.


बता दें कि लखनऊ की इंदिरानगर निवासी 50 वर्षीय महिला की स्वाइन फ्लू से गुरुवार को बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी. कुछ दिन पहले महिला को सर्दी-जुकाम, बुखार और सांस लेने में तकलीफ हुई थी. परिजनों ने पहले एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार कराया पर तबियत में सुधार नहीं हुआ. इसके बाद 25 अगस्त को उन्हें बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने लक्षणों को देखते हुए स्वाइन फ्लू की आशंका में जांच कराई. इस रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई थी.




मुरादाबाद में आया पहला मामला
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया. गाजियाबाद से लौटीं 42 वर्षीय पूजा शर्मा की जांच में स्वाइन फ्लू वायरस होने की पुष्टि हुई. मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कुलदीप सिंह के मुताबिक महिला को तेज बुखार, गले में खराश और शरीर में दर्द की शिकायत थी. मरीज को तत्काल निजी अस्पताल 'एशियन विवेकानंद' में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर और नियंत्रण में है. संभावित खतरे से निपटने के लिए जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए 10 बेड का स्पेशल वार्ड रिजर्व किया गया है.