मेरठ में 14वीं पैरा सिटिंग वॉलीबॉल चैंपियनशिप का फाइनल आज, देशभर के खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
यूपी समेत, गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, झारखंड सहित कई टीमें भाग ले रही हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 10:23 AM IST
|Updated : February 28, 2026 at 11:39 AM IST
मेरठ: मेरठ में 14वीं पैरा सिटिंग वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है. प्रदेश में ये पहला अवसर है जब देशभर से खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे हैं. दिव्यांग खिलाड़ियों में गजब का उत्साह है, जो फाइनल में टीम जीतेगी उनके खिलाड़ियों को आगामी समय में होने वाले वर्ल्ड टूर्नामेंट और एशियन टूर्नामेंट के लिए अवसर मिलेगा.
इस प्रतियोगिता में जहां नार्थ ईस्ट के खिलाड़ी पहुंचे हैं, वहीं जम्मू कश्मीर से भी टीम पहुंची है. विक्टोरिया पार्क स्थित बैडमिंटन हॉल में सिटिंग वॉलीबॉल के टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है. यहां एक ही समय में 2 टूर्नामेंट होते हैं और शुक्रवार को पैरा खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया.
प्रतियोगिता में देशभर के 20 से अधिक राज्यों के लगभग 500 पैरा खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं. बता दें प्रतियोगिता का उद्घाटन 25 फरवरी को हुआ था. 28 फरवरी को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा.

पहले दिन लीग मुकाबले खेले गए थे. आज नॉकआउट मुकाबले खेले गए हैं, जबकि फाइनल मैच कल आयोजित होंगे. जिम्मेदार पदाधिकारियों ने बताया कि यहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी चीन में प्रस्तावित विश्व चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए जाएंगे और जापान में होने वाले एशियाई पैरा खेलों में भी यहां के चुने गए खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
बता दें कि इस कॉम्पिटिशन को लेकर खिलाड़ियों में गजब का उत्साह है, यूपी समेत, गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, झारखंड सहित कई मजबूत टीमें भाग ले रही हैं.

यूपी टीम भी खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरी है, 4 दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन से मेरठ में खेलों का माहौल और उत्साह चरम पर है. पैरा खिलाड़ियों ने ईटीवी भारत को बताया कि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिल रहा है, सभी खिलाड़ी नेशनल चैंपियनशिप में सफलता को पाने को लेकर पसीना बहा रहे हैं.
ऐसे तो, दोपहर से ही अलग-अलग टीम के बीच मुकाबले हुए, लेकिन सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले में आज आंध्र प्रदेश की टीम ने हरियाणा को 3-2 से हरा दिया, मध्य प्रदेश की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची है. झारखंड की महिला टीम ने आज कर्नाटक को हराकर फाइनल में जगह बना ली है. अभी भी प्रतियोगिता चल रही है.
यह भी पढ़ें: धोती-कुर्ता में क्रिकेट खिलाड़ी, माथे पर त्रिपुंड, संस्कृत में कमेंट्री, पीएम मोदी भी फैन

