Watch: लखीमपुर खीरी में 6 साल के मासूम बच्चे को मौत के घाट उतारने वाला तेंदुआ पिंजरे में कैद
बीते 7 जून 2026 को तेंदुए ने उस समय बच्चे को अपना शिकार बना लिया, जब वह घर के पास खेल रहा था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 28, 2026 at 1:05 PM IST
लखीमपुर खीरी: धौरहरा वन रेंज क्षेत्र के रायपुर गांव के लालजी पुरवा में 6 साल के मासूम को निवाला बनाने वाला खूंखार तेंदुआ आखिरकार 21 दिन बाद वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया. रविवार सुबह तेंदुए के पिंजरे में फंसते ही पूरे इलाके में राहत की लहर दौड़ गई. पिछले 3 सप्ताह से दहशत के साए में जी रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
गौरतलब हो, जिले के धौरहरा वन रेंज क्षेत्र के अंतर्गत लालजी पुरवा मजरा रायपुर गांव निवासी 6 साल के शुभम पुत्र जवाहर को बीते 7 जून 2026 को तेंदुए ने उस समय अपना शिकार बना लिया, जब वह घर के पास खेल रहा था. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया था. ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए ईसानगर थाना क्षेत्र में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था और जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की थी.
घटना के बाद वन विभाग लगातार तेंदुए को पकड़ने के प्रयास में जुट गया. वन विभाग की ओर से गांव और आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर पिंजरे लगाए गए, साथ ही तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही थी.
उसके बाद रविवार सुबह वन विभाग के लगाए गए पिंजरे में आखिरकार तेंदुआ कैद हो गया, जिसे ग्रामीण शुभम की मौत का जिम्मेदार मान रहे थे। तेंदुआ पकड़े जाने की खबर जंगल में आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पिंजरे में बंद तेंदुए को देखने के लिए लोगों का तांता लग गया.
धौरहरा वन रेंजर अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुए को सकुशल रेस्क्यू कर वन रेंज कार्यालय लाया गया है. उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है. उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा.
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में महिला को घसीट ले गया तेंदुआ, इलाक़े में दशहत

