लखनऊ में सीएम योगी पर मानहानि का केस, मछली विवाद में अजय राय ने सिविल कोर्ट में दाखिल किया परिवाद
अजय राय ने कहा, सीएम योगी के बयान से मानसिक व सामाजिक रूप से प्रताड़ना झेलनी पड़ी है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 1, 2026 at 5:16 PM IST
लखनऊ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर मानहानि (आपराधिक) का परिवाद दाखिल किया है. मंगलवार को जनपद न्यायालय में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आलोक वर्मा की अदालत में अजय राय ने अधिवक्ता संजीव पांडेय के माध्यम से सीएम योगी के खिलाफ मानहानि का परिवाद दाखिल किया.
बता दें, अयोध्या में पिछले दिनों हुए मछली भोज को लेकर सियासत गरमा गई थी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन माह में मछली भोज को लेकर कांग्रेस पर सवाल खड़े किए थे. यही नहीं मुख्यमंत्री ने कहा था कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी सावन माह में मछली भोज किया है. यही कांग्रेस पार्टी का चरित्र है.
इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती दी थी कि वह मछली खाते हुए एक फोटो या वीडियो दे दें तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा. मैं मांस का सेवन नहीं करता. इस तरह के आरोप लगाने से पहले मुख्यमंत्री को सोचना चाहिए था.
प्रदेश अध्यक्ष का आरोप है कि योगी आदित्यनाथ ने बिना किसी सबूत के बयान दिया. इससे मानसिक व सामाजिक रूप से प्रताड़ना झेलनी पड़ी है. पूर्ण शाकाहारी होने के बावजूद मुख्यमंत्री के बयान से मानसिक व सामाजिक रूप से समाज में हुई मानहानि से आहत होकर न्यायालय के समक्ष परिवाद प्रस्तुत किया.
वहीं लखनऊ में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी ने विरोध प्रदर्शन भी किया. कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी के खिलाफ संविधान को ताक पर रखकर कार्रवाई हो रही है. राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर वापस होने तक कांग्रेस का संघर्ष चलता रहेगा.
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया समेत कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया. तनुज पुनिया ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड में कार्यक्रम किया था. इसके बाद वहां भाजपा के लोगों ने शुद्धिकरण किया.
इस मामले को उठाने पर हमारे ही नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जबकि 22 दिनों से कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनका मुकदमा दर्ज नहीं हो रहा है. उल्टा चोर कोतवाल को डांट रहा है.
यह भी पढ़ें : अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO का नाम फाइनल! कल हो सकता है ऐलान, सर्च कमेटी ने ट्रस्ट को सौंपी रिपोर्ट

