ETV Bharat / state

यूपी कांग्रेस प्रभारी बोले- भाजपा सरकार कर रही अत्याचार, देश और संविधान बचाने के लिए कांग्रेस को करें मजबूत

कांग्रेस मुख्यालय में अल्पसंख्यक समाज सम्मेलन का आयोजन किया गया. संगठन को मजबूत करने का संकल्प दिलाया गया.

कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित किया गया अल्पसंख्यक समाज सम्मेलन.
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित किया गया अल्पसंख्यक समाज सम्मेलन. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 3, 2026 at 10:21 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर रविवार को आयोजित अल्पसंख्यक समाज सम्मेलन में अल्पसंख्यक कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक सोहेल अंसारी ने पदभार ग्रहण कर लिया. इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अस्पताल से वीडियो कॉन्फ्रेंस से संबोधित किया और दोगुनी ताकत से वापस आने का भरोसा दिया.

कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने भाजपा सरकार को अल्पसंख्यक समाज और मुसलमानों पर अत्याचार करने वाली सरकार बताया. अविनाश पांडेय ने कहा कि इस देश को बनाने में अल्पसंख्यक समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. भाजपा मोदी सरकार में अल्पसंख्यकों को जिस प्रकार से हिंदू राष्ट्र के नाम पर एजेंडा चलाकर प्रताड़ित किया जा रहा है, उसमें सिर्फ मुसलमान ही नहीं, दूसरे जाति धर्म के लोगों को परेशान किया जा रहा है. अब हमें तय करना है कि कैसा भारत चाहते हैं.

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अस्पताल से कॉन्फ्रेंस के जरिए किया संबोधित.
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अस्पताल से कॉन्फ्रेंस के जरिए किया संबोधित. (Photo Credit; ETV Bharat)

देश की आजादी के समय हमारे सभी हिंदू और मुसलमान भाइयों ने कंधे से कंधा मिलाकर आजादी की लड़ाई लड़ी, कुर्बानियां दीं, बलिदान की बेदी पर चढ़े, लेकिन आज सत्ता में बैठी भाजपा जो आजादी के समय आजादी का विरोध कर रही थी. जब कंधे से कंधा मिलाकर हिंदू-मुसलमान अंग्रेजों से लड़ रहे थे, उस समय भी वह वही काम कर रहे थे जो आज लोगों को बांटने का कर रहे हैं.

राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति देश की राजनीति की दिशा तय करती है. हमें तय करना है कि देश को और संविधान को बचाना है. जिस पार्टी ने आजादी दिलाई, इज्जत दिलाई, सम्मान दिलाया, जिस पार्टी ने सभी धर्मों सहित अल्पसंख्यकों को भागीदारी दी, ऐसे में उत्तर प्रदेश में आपकी ताकत को एकत्रित होना जरूरी है. आज इस मंच से संकल्प लेना होगा. संगठन मजबूत करना होगा. उसी से कार्यकर्ता का सम्मान बढ़ेगा और आपका बढ़ेगा. अल्पसंख्यक समाज अपनी ताकत पहचान ले, तो प्रदेश की 403 सीटों में 143 सीटों पर जो चाह ले, परिणाम वहीं होगा. अब समय आ गया है, कांग्रेस को ताकत दीजिए, जिससे देश और संविधान को मजबूती मिल सके.

सम्मेलन  में बड़ी संख्या में पहुंचे लोग.
सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोग. (Photo Credit; ETV Bharat)

राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि जाग जाओ, भाजपा की सरकार जो विदेशी ताकतों के समाने जनता के हितों के मुद्दों पर समझौता कर रही है और मुद्दों पर बात न हो इसलिए हिंदू-मुसलमान करके लोगों में जहर घोल रही है. ऐसे लोग कभी देश के हिमायती नहीं हो सकते. इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा आज हमें ये सोचना होगा कि हमारी राजनीति कहां खड़ी है. उत्तर प्रदेश में आपका सियासी खालीपन भरने का समय आ गया है.

ये वो उत्तर प्रदेश है जहां की मिट्टी कांग्रेस, राजीव गांधी, इंदिरा गांधी ने अपने खून से सींची है. इस उत्तर प्रदेश को बचाने की आपकी बड़ी जिम्मेदारी है, क्योंकि उत्तर प्रदेश की सरजमीं को दिन रात खूनी किया जा रहा है. जनता इस बात को समझ चुकी है इसीलिए 2024 में जो संविधान बदलने का घमंड रखते थे, उनका घमंड चूर कर दिया. आज मोदी सरकार बैसाखियों के सहारे टिकी है. बीजेपी मोदी को शायद यह नहीं पता कि सबसे बड़ी देश की जनता है.

दिल्ली कांग्रेस प्रभारी व विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि 2014 में मोदी 56 इंच का सीना लेकर आए थे, लेकिन इन 10 सालों में सिर्फ 56 इंच की जबान चलती रही. वो नहीं समझना चाहते कि इस देश को चलाने के लिए 56 इंच के सीने की नहीं 56 इंच के दिल की जरूरत है, जो सिर्फ राहुल गांधी के पास है. प्रियंका गांधी के पास है. हमें जनता के पास जाकर बताना है कि इस मुल्क को राहुल गांधी की जरूरत है.

बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता शकील अहमद ने कहा, हयात ले के चलो... कायनात ले के चलो, चलो तो सारे जमाने को साथ ले के चलो. समय आ गया है कि समाज में जहर बोलने वालों को सबक सिखाना होगा. आज आपके सामने बहुत बड़ा चैलेंज है, क्योंकि एक तरफ वह पार्टी है जो आपको सीधे इस देश का नागरिक होने से इंकार करती है. आपकी देशभक्ति पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करती है. एक वह पार्टी है जिसने आपको इज्जत बख्शी, सम्मान दिया, पहचान को बढ़ाया, बराबरी का दर्जा दिया. अगर इस बात को अभी नहीं समझे तो और कांग्रेस को छोड़कर इधर उधर गए तो उससे फायदा भाजपा को होगा.

सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि आज सबसे ज्यादा अत्याचार किया जा रहा है. इसके पीछे मनुवादी ताकतें हैं. जाति और धर्म देखकर निशाना बनाया जा रहा है. महिलाओं को प्रताड़ित किया जा रहा है. ऐसे में आपका कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े होना बहुत जरूरी है.

यह भी पढ़ें : मुजफ्फरनगर में चौकीदार राजू हत्याकांड में दो गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल, जानिए साढ़ू के बेटे के साथ क्यों मारा