ETV Bharat / state

यूपी कांग्रेस के नए प्रभारी बोले- पार्टी को बराबर का हक चाहिए, राम मंदिर चंदा चोरी पर पीएम मोदी चुप क्यों हैं?

यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा, मायावती बुलाएंगी तो मिलने जाऊंगा.

यूपी कांग्रेस प्रभारी ने लखनऊ में की प्रेस कॉन्फ्रेंस.
यूपी कांग्रेस प्रभारी ने लखनऊ में की प्रेस कॉन्फ्रेंस. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 2, 2026 at 9:51 PM IST

|

Updated : July 2, 2026 at 10:11 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ : कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा, यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और सपा के गठबंधन की बात है, तो यह राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष नेतृत्व तय करेगा. लेकिन पार्टी को यूपी में बराबर का हक जरूर चाहिए. कांग्रेस पार्टी अगले एक माह में बूथ स्तर तक अपना संगठन खड़ा कर देगी और उसके बाद योजनाओं पर काम करना शुरू कर दिया जाएगा.

उन्होंने कहा, पिछली बार बसपा सुप्रीमो मायावती का हाल-चाल लेने उनके आवास पर गया था, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई. मैंने अपना नंबर दे दिया था. अब जब भी मुलाकात के लिए कॉल आएगा तो मैं जरूर मिलने जाऊंगा. हमारे संबंध राजनीतिक नहीं पारिवारिक हैं.

राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा- मायावती बुलाएंगी तो मिलने जाऊंगा. (Video Credit; ETV Bharat)

मोदी दलितों से नफरत करते हैं : उन्होंने कहा, अयोध्या में राम मंदिर का चढ़ावा चोरी हो रहा है. नरेंद्र मोदी ने जब राम मंदिर का शिलान्यास किया तो उस समय राष्ट्रपति रामनाथ कोबिंद थे, उन्हें नहीं आने दिया, क्योंकि वह दलित थे. जब मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई तो राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू थीं जो अनुसूचित जनजाति से थीं उन्हें भी नहीं आने दिया. दलितों से नरेंद्र मोदी नफरत करते हैं.

राम मंदिर मामले में चुप क्यों है मोदी ? : राम मंदिर का जो ट्रस्ट बना उस पर इतने गंभीर आरोप लग रहे हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी चुप हैं. आखिर बोलते क्यों नहीं. ट्रस्ट तो उन्होंने बनवाया था तो जिम्मेदारी क्यों नहीं ले रहे हैं. भाजपा सरकार गरीबों, कमजोरों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के घरों पर बुलडोजर चला रही है. आखिर उन घरों पर बुलडोजर कब चलेगा जिन्होंने देश के करोड़ों लोगों की आस्था के साथ विश्वासघात किया है.

राम मंदिर चंदा चोरी के तार दिल्ली से जुड़े : राम मंदिर में दान चोरी, चढ़ावा चोरी किये हैं. उन्होने कहा कि सिर्फ छोटे-छोटे कर्मचारियों को जेल भेजकर बड़ों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि सत्यता यह है कि इसके तार दिल्ली तक जुड़े हैं. शुरू से ही विश्व हिन्दू परिषद, भाजपा और आरएसएस के लोगों ने पहले मंदिर निर्माण के नाम पर चंदा लिया. मंदिर निर्माण के समय आरोप लगा कि मंदिर निर्माण में 40 प्रतिशत कमीशन लिया जा रहा है.

वीएचपी ने लोखा-जोखा सार्वजनिक नहीं किया : इस पर शिकायत हुई, चंदा चोरी की शिकायत हुई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. सिर्फ छोटे मोटे कर्मचारियों को जेल के अंदर करवा दिया और जो असली दोषी हैं, षडयंत्रकारी हैं उन पर कब कार्रवाई होगी, सवाल यह है. मंदिर निर्माण के पहले ही यह बात सामने आई थी कि विश्व हिन्दू परिषद ने मंदिर निर्माण के नाम पर 1400 करोड़ रुपये पूरे देश से चंदा एकत्रित किया, लेकिन उसका कोई लेखा-जोखा अभी तक सार्वजनिक नहीं किया है.

ये धोखे की सरकार, विधायक सांसद चुराती है : उन्होंने कहा कि संविधान बदलने के लिए भाजपा ने चुनाव के समय नारा दिया कि अबकी बार चार सौ पार, यह तो देश की जनता है जिसने इन्हें ढाई सौ के अंदर ही रोककर संविधान सुरक्षित रखने का काम किया. यह चुनाव इलेक्शन कमीशन की मदद से जीतते हैं. वोटों की चोरी करते हैं. यह सांसदों को चुराते हैं. विधायकों को चुराते हैं और तो और पूरी की पूरी पार्टी को चुराने का काम कर रहे हैं, यह धोखे की सरकार है.

भाजपा का राम नाम से कोई लेना-देना नहीं : उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार न सरकारी नौकरी दे सकती हैं, ये छात्रों की एक भी परीक्षा नहीं करा पाते हैं. कांग्रेस की सरकार में सरकारी नौकरी मिलती थी. सरकारी एजेंसी परीक्षा कराती थी, एसएससी, यूपीएससी की परीक्षा कराती थी एक भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं होता था. कांग्रेस पार्टी ने सारी संवैधानिक संस्थाओं का निर्माण किया. सरकारी नौकरियां दीं. भाजपा के लोग धर्म का इस्तेमाल वोट के लिए करते हैं राम के नाम का इस्तेमाल वोट के लिए करते हैं, जबकि इनका राम जी से कोई लेना देना नहीं है.

भाजपा शासित राज्य में पुलिस कर रही हत्याएं : उन्होंने कहा कि देश में जिन जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकारें हैं. पुलिस के माध्यम से लगातार हत्याएं करा रही है. कानून के अनुसार पहले मुकदमा दर्ज होता है तो आरोपी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए, चार्जशीट होनी चाहिए, कोर्ट में ट्रायल होना चाहिए और साक्ष्य के आधार पर न्यायालय यदि दोषी पाता है तो उसे सजा मिले, लेकिन भाजपा शासित राज्यों में पुलिस ही हत्याएं कर रही है.

यह भी पढ़ें : बुलंदशहर-जेवर एक्सप्रेस-वे: शिकारपुर में भूमि अधिग्रहण तेज, अब तक हुए 62 बैनामे, 7 दिन में किसानों को मिल रहा पैसा

Last Updated : July 2, 2026 at 10:11 PM IST