चाहिए वोटर कॉर्ड तो नाम-पता, मोबाइल नंबर और पिनकोड लिखें सही; SIR पर क्या बोले मुख्य निर्वाचन अधिकारी?
आगरा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजर सम्मानित किए गए.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 6:32 PM IST
आगरा: यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा गुरुवार को आगरा पहुंचे. उन्होंने पहले आयुक्त लघु सभागार में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की. इसके बाद सूरसदन प्रेक्षागृह में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 (SIR) निर्वाचन कार्यों को लेकर बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर से चर्चा की.
बता दें कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की अध्यक्षता में विशेष विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य की आयुक्त लघु सभागार में समीक्षा बैठक हुई. जिसमें मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान के साथ ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शामिल हुए. इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने तहसील सदर स्थिति सभागार कक्ष में सुनवाई में पहुंचे.
बीएलओ और सुपरवाइजर किए गए सम्मानित: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि आगरा में मतदाता सूची की चल रही सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया है. सुनवाई सही तरीके से चल रही थी. इसके बाद बीएलओ और सुपरवाइजरों के साथ संवाद किया है. जिले में जिन बीएलओ और सुपरवाइजर ने उत्कृष्ट कार्य किया है, उन्हें सम्मानित किया गया है.
ज्यादा से ज्यादा मतदाता बनाएं: नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में सुनवाई का काम तेजी से चल रहा है. 50% से ज्यादा सुनवाई पूरी हो चुकी है. अभी भी बहुत समय बचा है. इसलिए, हमारा लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदाता बनाया जाए. इसके साथ ही ज्यादा से ज्यादा पात्र मतदाताओं को मतदाधिकार दिलाना प्राथमिकता में शामिल है. बीते दिनों राजधानी में एक कार्यक्रम में प्रदेश भर की विधानसभाओं में बेहतरीन कार्य होने पर सम्मानित किया गया था. जिसमें आगरा की एत्मादपुर विधानसभा भी शामिल थी.
मतदाताओं से की ये अपील : उप्र मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ और सुपरवाइजर के संबोधन में कहा कि सभी से अपील है कि मतदाताओं के फॉर्म को सही से देखें. फार्म में मतदाता का नाम, पता और पिनकोड सही से भरा होना चाहिए. जिससे लोगों के मतदाता बनने में त्रुटियां होने से कोई अड़चन ना आए. इसके साथ ही मतदाताओं से अपील है कि वे भी जो भी दस्तावेज और डिटेल्स दें, उसमें कोई गलती ना हो. जिससे उनके पते पर मतदाता पहचान पत्र पहुंच सके.

