यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा 2026: 72 जिलों के लिए बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के 150 प्रतिनिधि रवाना, कुलपति ने सुबह 5 बजे दिखाई हरी झंडी
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए 72 जिलों में 150 से अधिक प्रतिनिधि रवाना कर दिए हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 28, 2026 at 7:51 PM IST
झांसी: उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस परीक्षा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों की विशेष टीम गुरुवार सुबह ही झांसी से रवाना हो गई थी. बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडेय ने सुबह ठीक 5 बजे पहली टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
प्रस्थान से पहले गाड़ियों का विधिवत पूजन किया गया, जिसके बाद बलिया, गाजीपुर और कुशीनगर समेत पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों के लिए टीमें निकल पड़ीं.
150 से अधिक प्रतिनिधि तैनात: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा प्रदेश के 72 जिलों में इस साल बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन करवाया जा रहा है. परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए हर जिले में न्यूनतम 2 विश्वविद्यालय प्रतिनिधि अनिवार्य रूप से भेजे गए हैं. इसके अलावा जिन जिलों में परीक्षा केंद्रों की संख्या ज्यादा है, वहां आवश्यकतानुसार अधिक प्रतिनिधियों की तैनाती की गई है. विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कुल 150 से अधिक प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं, जो आज शाम तक अपने निर्धारित जिलों में पहुंच जाएंगे.
अधिकारियों संग करेंगे बैठक: कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडेय ने बताया कि ये सभी प्रतिनिधि अपने निर्धारित जिले में पहुंचते ही वहां के जिलाधिकारी और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी से संपर्क करेंगे. इसके बाद 29 मई को सभी ऑब्जर्वर्स और केंद्राध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक होगी. बैठक के दौरान ट्रेजरी (कोषागार) तथा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए डबल लॉक की व्यवस्था का भी बारीकी से जायजा लिया जाएगा. निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी प्रकार की कमी मिलती है, तो संबंधित अधिकारी से वार्ता कर उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा.
बॉडी वॉर्न कैमरों से निगरानी: प्रशासनिक ब्लूप्रिंट के अनुसार 30 मई को सभी परीक्षा केंद्रों पर एक विस्तृत मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान विभिन्न केंद्रों पर परीक्षार्थियों के बैठने, सुरक्षा और CCTV की व्यवस्था को अंतिम रूप से परखा जाएगा. कुलपति ने बताया कि सभी प्रतिनिधि अपने साथ वैरिफिकेशन के जरूरी दस्तावेज तथा बीएड प्रवेश परीक्षा संपन्न कराने की गाइडलाइन बुकलेट लेकर गए हैं. सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए इन सभी प्रतिनिधियों को विशेष 'बॉडी वॉर्न कैमरा' भी प्रदान किया गया है.
कंट्रोल सेंटर से होगी मॉनिटरिंग: इन आधुनिक कैमरों की मदद से परीक्षा से जुड़ी हर गतिविधि और जगह की रियल टाइम मॉनिटरिंग सीधे मुख्यालय से की जा सकेगी. सभी तैनात प्रतिनिधि सीधे बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में बने अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से लाइव जुड़े रहेंगे. परीक्षा से जुड़े अन्य सभी अत्यंत महत्वपूर्ण और गोपनीय दस्तावेज़ सीधे जिलों की सरकारी ट्रेजरी में सुरक्षित पहुंचाए जाएंगे. परीक्षा सफलतापूर्वक खत्म होते ही सभी प्रतिनिधि उत्तर पुस्तिकाओं के साथ वापस झांसी लौटेंगे और 1 जून तक अपनी अंतिम रिपोर्ट सबमिट करेंगे.
यह भी पढ़ें- यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा में पहली बार बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी की टीमें पहनेंगी बॉडी वॉर्न कैमरे, लाइव होगी मॉनिटरिंग

