यूपी चुनाव से पहले शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने खोला योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा, गौमाता के मुद्दे पर बहिष्कार की चेतावनी
योगी सरकार को 8 महीने का अल्टीमेटम, हर विधानसभा में जाकर उठा रहे गौमाता का मुद्दा

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 13, 2026 at 8:33 AM IST
बाराबंकी: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने एक बार फिर योगी सरकार पर हमला बोला है. इस बार शंकराचार्य ने सीधे कहा है कि, अगर गौमाता को सम्मान नहीं मिला तो आने वाले चुनाव में बीजेपी को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.
बीजेपी को अल्टीमेटम: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की गौ रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा बाराबंकी पहुंची. बाराबंकी में भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला. इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा जानबूझकर गायों की रक्षा नही कर रही. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में गायें सुरक्षित नही हैं. अगर गायें सुरक्षित होतीं, व्यवस्थित होतीं, सम्मानपूर्वक जीवन जी रही होतीं तो उन्हें यह यात्रा नहीं निकालनी पड़ती.
बीजेपी को गिराने के लिए या किसी पार्टी को उठाने के लिए यह यात्रा नहीं कर रहें, बल्कि हम गौमाता की रक्षा के लिए कर रहे हैं. अभी भी 8 महीने का समय है, परिष्कार कर लें वरना बहिष्कार तय है.- शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती
403 विधानसभा में उठाएंगे मुद्दा: यूपी चुनाव से पहले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद गाय की रक्षा और गाय को राष्ट्रमाता घोषित किये जाने के लिए जनजागरण यात्रा पर निकले हैं. अभी तक वो 354 विधानसभाओं में यात्रा के जरिये आम जनमानस से संवाद कर चुके हैं. हर जगह शंकराचार्य लोगों को गाय की रक्षा का संकल्प दिला रहे हैं. साथ ही उन दलों का बहिष्कार करने का भी संकल्प दिला रहें हैं,जो गाय की रक्षा नहीं कर रहे हैं.

हमने कहा कि परिष्कार कर लो, अभी भी 08 महीना समय है. अगर आप अभी भी हमारी गाय माता को पशु सूची से हटाकर उत्तरप्रदेश में राज्यमाता और फिर समवर्ती सूची बनाकर केंद्र में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कर देते हो, तो अभी भी हम तुम्हारे बारे में विचार करने को तैयार हैं. अगर ऐसा नही कर पाए तो हमारे दरवाजे के सामने तो क्या मोहल्ले में भी तुम्हारा घुसना दूभर कर देंगे.-शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती
सपा और कांग्रेस से नजदीकी का आरोप: इस यात्रा में केवल सपाइयों और कांग्रेसियों के ही शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि, हमने अभी कोई पार्टी चुनी नही है. क्योंकि अभी कोई पार्टी हमारी मांग पूरी करने के लिए आगे नही आई है. उन्होंने कहा कि, जो हिन्दू हो, जो गौमाता के लिए भावना रखता हो वो आये. सपा के लोग आ रहे हैं. कांग्रेस के लोग आ रहे हैं. आम आदमी पार्टी के लोग आ रहे हैं. किसान पार्टी के लोग आ रहे हैं. लेकिन भाजपा के लोग नही आ रहे हैं.
जब गौ माता की बात लेकर शंकराचार्य निकले हुए हैं, तो भाजपा को तो नम्बर एक पर खड़ा होना चाहिए था. क्यों नही आ रहे हैं. सवाल यह नही है कि, कौन सी पार्टी आ रही है. बड़ा सवाल यह है कि अपने आप को गौभक्त पार्टी कहने वाली बीजेपी कहां है. हमने साफ कहा है कि इस बार गौमाता की रक्षा के लिए वोट दो, और जिस पार्टी को आपका वोट चाहिए. पहले गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करें फिर आपके दरवाजे आये नहीं तो हटा दो.- शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती
चंदा गबन है चोर- पुलिस का खेल: अयोध्या राममंदिर चंदा गबन मामले को लेकर भी शंकराचार्य ने बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने इसे चोर- पुलिस का खेल बताया. शंकराचार्य ने दावा किया कि, चंपत राय पर कभी कार्रवाई नहीं होगी, और होगी भी तो दिखावटी होगी. उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि, जिस सरकार ने ट्रस्ट बनाया उसी सरकार ने जांच के लिए एसआइटी गठित की.
यह भी पढ़ें: शाहजहांपुर पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद; बीजेपी पर जमकर साधा निशाना

