लांस नायक नीतीश कुमार की मूर्ति का अनावरण, ऑपरेशन रक्षक के दौरान जम्मू-कश्मीर में हुए थे शहीद
शहीद नीतीश कुमार की मूर्ति का केंद्रीय मंत्री ने किया अनावरण. भूपेंद्र यादव बोले- देश के वीर सपूतों को नमन करता हूं...

Published : January 4, 2026 at 1:14 PM IST
बहरोड़: देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को बार-बार नमन करता हूं. केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने ये बात बहरोड़ जिले के रिवाली गांव में रविवार को शहीद नीतीश कुमार की मूर्ति अनावरण के दौरान मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कही. लांस नायक नीतीश कुमार जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा में ऑपरेशन रक्षक के दौरान अपनी ड्यूटी करते हुए शहीद हो गए थे.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कश्मीर में आतंकवादियों ने बर्बरता दिखाई थी. कश्मीर घूमने गए पर्यटकों पर भी हमला किया. महिलाओं के सामने नाम पूछकर उनके पतियों की हत्या की गई, लेकिन ये भारत की सेना है और सेना में ये ताकत है कि पड़ोसी देश, जहां से ये आतंकवादी आए थे, उनकी सीमा के अंदर डेढ़ सौ किलोमीटर अंदर जा कर उनके आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने का काम किया.
सेना के हौसले को सलाम : केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सेना का जो हौसला है, वो हमारी ताकत है. आज दुश्मनों की हिम्मत नहीं होती कि वो भारत देश की ओर आंख उठाकर देखें. भारत का वीर जवान नापाक हरकत करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देते हैं. वहीं, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना के जवानों को खुल्ली छूट दे रखी है. कोई भी दुश्मन देश अब भारत पर हमला करने में भी डरने लगा है. पाकिस्तान को उसके घर मे घुसकर मारा था, जिसके बाद वो उभर नहीं पाया है.
वहीं, सेना में जाकर लोग अपने जीवन का उत्कृष्ट बलिदान करते हैं, लेकिन इस बलिदान मकसद अपने देश की रक्षा करने का होता है. वो मकसद माताओं-बहनों की सुरक्षित और सम्मान पूर्वक जीवन देने का है. इसलिए किसी भी मकसद को आप अपने जीवन में प्राप्त करना चाहते हैं तो आपके जीवन में अनुशासन होना चाहिए और कर्तव्य परायण की आपके अंदर भावना होनी चाहिए. इसलिए सेना में इन दोनों चीजों का पूरी तरह से पालन किया जाता है.
पढ़ें : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का तंज- भजनलाल सरकार कांग्रेस को दोष देते-देते चली जाएगी
शहीद के तीन साल का बेटा देखता रहा पिता की प्रतिमा को, वीरांगना ने की आंखें हुईं नम : शहीद नीतीश कुमार की मूर्ति अनावरण के दौरान उनका तीन साल का बेटा अपनी मां की गोद में पिता की प्रतिमा को देखता रहा. वहीं, वीरांगना ने अपने पति की प्रतिमा को माला पहनाकर चरण छूकर नमन किया. इस दृश्य को देख मौके पर मौजूद महिलाओं की आंखें नम हो गईं. कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने शहीद की माता, पिता और शहीद की वीरांगना को शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया. मंत्री भूपेंद्र यादव शहीद की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद शहीद परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी.
लांस नायक नीतीश कुमार 5 जनवरी 2025 को जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में देश सेवा के दौरान शहीद हो गए थे. वह भारतीय सेना की 13 आरआर (राष्ट्रीय राइफल्स) बटालियन में तैनात थे. ड्यूटी के दौरान सेना का ट्रक बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गया था, जिसमें नीतीश कुमार सहित चार जवान शहीद हुए थे.

