धमतरी की सड़कों पर दौड़ रही यातायात विभाग की बिना नंबर की गाड़ी, लोगों ने बनाया वीडियो, उठाए सवाल
धमतरी में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान ये मामला सामने आया है. युवक ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 6, 2026 at 9:12 AM IST
धमतरी: बगैर हेलमेट, बगैर सीट बेल्ट बांधे और बगैर नंबर प्लेट यानी यातायात नियमों को दरकिनार करते हैं तो चालान कटना तय है. यह जरूरी भी है क्योंकि यातायात नियमों का पालन करना हर किसी वाहन चालक के लिए बेहद जरूरी है. लेकिन खुद ही अगर यातायात विभाग इसका पालन न करें तो इसकी जिम्मेदारी किसकी बनती है. धमतरी की सड़कों पर ऐसी ही एक गाड़ी दौड़ रही है जो बिना नंबर प्लेट के है. खास बात है कि गाड़ी में यातायात विभाग लिखा हुआ है.
युवक ने बनाया धमतरी ट्रैफिक पुलिस की बिना HSRP नंबर की गाड़ी का वीडियो
दरअसल धमतरी जिले के एक युवक ने 4 जनवरी को सड़क पर गाड़ी चलाते हुए एक वीडियो बनाया. इस वीडियो में युवक बोलता हुआ नजर आ रहा है "हमारी गाड़ी में HSRP नंबर ना हो तो ट्रैफिक पुलिस वाले तुरंत चालान काट देते हैं. मेरे सामने ट्रैफिक पुलिस की एक गाड़ी जा रही है लेकिन इस गाड़ी में HSRP नंबर नहीं है. इन पर कौन चालान करेगा."
यातायात प्रभारी का बयान
इस बारे में ईटीवी भारत संवाददाता ने धमतरी यातायात डीएसपी मोनिका मरावी से फोन पर सम्पर्क करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया. वहीं यातायात प्रभारी खेमराज साहू से इस मामले पर चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि वीडियो के सम्बंध में उन्हें किसी प्रकार की जानकारी नहीं है. अगर गाड़ी में नम्बर नहीं है तो वह ड्राइवर की गलती है. मामले को उन्होंने संज्ञान में लिया है.
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह
इन दिनों धमतरी में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह चल रहा रहा है. इस दौरान वाहन चालकों को ट्रैफिक रूलस के प्रति जागरूक किया जा रहा है. साथ ही उनके चालान भी काटे जा रहे हैं. ऐसे में ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी की ये तस्वीर से लोगों में नाराजगी पैदा कर रही है.

