हरियाणा में 'डॉलर वाला दूल्हा', सालियों ने मजाक में मांगा था विदेशी शगुन, जीजा ने अमेरिकी करेंसी से निभाई जूता चुराई की रस्म
हरियाणा के जींद में अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी है. दरअसल दूल्हा नोटों की जगह डॉलर की माला पहनकर बारात लेकर हिसार गया.

Published : July 8, 2026 at 2:48 PM IST
|Updated : July 8, 2026 at 5:58 PM IST
जींद: शादियों में दूल्हे के गले में नोटों के हार और सालियों द्वारा जूता-छुपाई की रस्म में मोटी रकम वसूलना आम बात है, लेकिन जींद के एक दूल्हे ने इस रस्म को ऐसा यादगार बनाया कि हर तरफ उसी की चर्चा हो रही है. जींद का 'डॉलर वाला दूल्हा' इस समय सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. दूल्हे राजा ने हिसार पहुंचकर सालियों की एक छोटी सी डिमांड पर भारतीय रुपयों की जगह सीधे अमेरिकी डॉलर की झड़ी लगा दी.
साली ने मजाक में कहा, जीजा ने कर दिया सच: मिली जानकारी के अनुसार, जींद के गांधी नगर निवासी लोकेश गर्ग की शादी हिसार की रहने वाली ईशा जैन के साथ हुई. शादी से पहले बातचीत के दौरान सालियों ने जीजा लोकेश से मजाक-मजाक में कह दिया था कि "जीजा जी, जूता-छुपाई की रस्म में हमें इंडियन करेंसी नहीं, बल्कि डॉलर चाहिए." सालियों ने तो ये बात हंसी-मजाक में कही थी, लेकिन जीजा लोकेश को इससे आइडिया आया और शादी को हमेशा के लिए यादगार बनाने की सोची. लोकेश गर्ग की कपड़ों की दुकान है और उन्होंने रुपये देकर डॉलर एक्सचेंज करवाए थे.
बारात लेकर पहुंचे, गले में चमक रहे थे डॉलर: शादी के दिन जब जींद से बारात हिसार पहुंची और दूल्हा लोकेश गर्ग मंडप में आया, तो लड़की वाले और मेहमान हैरान रह गए. दूल्हे के गले में भारतीय रुपयों की नहीं, बल्कि अमेरिकी डॉलर की माला चमक रही थी. इसके बाद जैसे ही रस्मों का सिलसिला शुरू हुआ, दूल्हे ने जेब से डॉलर निकालना शुरू कर दिया. मुख्य द्वार पर जब सालियों ने रास्ता रोका, तो शगुन के तौर पर डॉलर थमाए गए.

डॉलर देकर पूरी की जूता चुराई की रस्म: शादी की सबसे बड़ी रस्म यानी जूता-छुपाई में भी सालियों को भारतीय नोटों की जगह कड़कड़ाते अमेरिकी डॉलर दिए गए. दूल्हे लोकेश ने बताया कि सालियों की इस ख्वाहिश और मजाक को यादगार बनाने के लिए ही उन्होंने डॉलर की माला पहनने और हर रस्म में डॉलर में ही शगुन देने का फैसला किया.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल: विदेशी शगुन वाली इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इस वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं और जींद के इस 'डॉलर वाले दूल्हे' के अंदाज की हर तरफ तारीफ और चर्चा हो रही है.

